देश में चुनाव चल रहे हों और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर कोई विवादित बयान न दें ऐसा तो हो ही नहीं सकता, हैरानी सिर्फ इस बात की है कि ये बयान उनका तीन चरणों के मतदान के बाद आया है. मणिशंकर अय्यर का पाकिस्तान प्रेम किसी से छिपा नहीं है, अब उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान का सम्मान करना चाहिए क्योंकि उसके पास परमाणु बम है. अभी सैम पित्रोदा के बयानों से कांग्रेस संभल भी नहीं पायी थी कि मणिशंकर अय्यर ने परमाणु बम फोड़ दिया। पित्रोदा से तो कांग्रेस ने किनारा कर लिया, हालाँकि मणिशंकर अय्यर से भी कांग्रेस पार्टी किनारा कर चुकी है लेकिन भाजपा उन्हें कांग्रेसी नेता ही बुलाती है और उनकी बातों को कांग्रेस का बयान मानती है.
मणिशंकर अय्यर ने आगे कहा कि पिछले दस वर्षों में भारत की ओर से पाकिस्तान तक पहुंचने का कोई प्रयास नहीं किया गया है। 15 अप्रैल का अय्यर का इंटरव्यू क्लिप अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया है। अय्यर ने कहा कि वे भी एक संप्रभु देश (पाकिस्तान) हैं। वे एक सम्मानित राष्ट्र हैं। आप उनके (पाकिस्तान) साथ सख्ती से बात कर सकते हैं। लेकिन बातचीत शुरू करें। आप बंदूक लेकर चल रहे हैं जिससे कुछ नहीं मिला। तनाव बढ़ रहा है।” .
भारत-पाकिस्तान संबंधों को सामान्य बनाने के मुखर समर्थक रहे अय्यर ने आगे कहा कि अगर भारत पाकिस्तान का सम्मान करता है, तो वे (पाकिस्तान) भी सम्मानजनक बने रहेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, ”हमें यह समझना चाहिए कि विश्वगुरु (वैश्विक नेता) बनने के लिए यह दिखाना जरूरी है कि हम पाकिस्तान के साथ (सभी द्विपक्षीय मुद्दों को) सुलझाने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं।” पिछले वर्षों में (सरकार की ओर से) पाकिस्तान तक पहुंचने का कोई प्रयास नहीं किया गया है।”
उनका वीडियो वायरल होते ही रविशंकर, शहजाद पूनावाला समेत कई बीजेपी नेताओं ने पार्टी और उसके नेता की आलोचना की. वहीँ उत्तर पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार उदित राज ने कहा कि मणिशंकर अय्यर के पास कोई आधिकारिक पद नहीं है इसलिए वह जो भी कहते हैं वह उनकी निजी राय है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का ऐसा कोई रुख नहीं है।

