पाकिस्तान तहरीक इन्साफ पार्टी के प्रमुख नेता बैरिस्टर गौहर खान ने कहा है कि वह तहरीक-ए-इंसाफ की इस जीत को गुलामी नामंज़ूर करने का नाम देते हैं और जल्द ही तय करेंगे कि किस पार्टी में शामिल होना है. इस्लामाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बैरिस्टर गौहर खान ने नेशनल असेंबली में 170 सीटों की जीत का दावा करते हुए कहा कि जिसके पास 50 सीटों का बहुमत नहीं होता वो सरकार बनाने का बयान देता है. बता दें कि उनका इशारा नवाज़ शरीफ और बिलावल भुट्टो की तरफ था जिनको इस चुनाव में बड़ा झटका लगा है क्योंकि सभी सर्वे पीटीआई को बुरी तरह हारते हुए बता रहे थे लेकिन जेल में बंद इमरान खान की पार्टी ने उलटे नतीजे दिए हैं.
बैरिस्टर गौहर खान ने कहा कि आज पाकिस्तान के लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण दिन है, हम तीन विधानसभाओं में सरकार बनाने की ओर बढ़ चुके हैं. बैरिस्टर गौहर खान का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप से 8 फरवरी को चुनाव का फैसला हुआ, चुनाव आयोग की जिम्मेदारी थी कि 2:00 बजे तक नतीजे दे दे, सुबह 10:00 बजे तक नतीजे की प्रक्रिया पूरी हो जानी चाहिए थी। पीटीआई नेता ने कहा कि कानून के मुताबिक, फॉर्म 47 बनाते समय उम्मीदवार या प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, जानबूझकर हमारी जीती हुई सीटों पर हमें हराने की कोशिश की जा रही है, तहरीक-ए-इंसाफ ने नेशनल असेंबली में 170 सीटें जीती हैं.
उनका कहना है कि हमने खैबर पख्तूनख्वा की नेशनल असेंबली में 45 में से 39 सीटें जीती हैं, हमें केपी असेंबली में दो-तिहाई बहुमत मिला है, हम दो दिन में केपी का मुख्यमंत्री तय करेंगे. उन्होंने कहा कि तहरीक-ए-इंसाफ पंजाब में भी सरकार बनाएगी, हमें पंजाब में लगभग 135 सीटें मिल रही हैं, हम पाकिस्तान की संस्थाओं से अनुरोध करते हैं कि यह लोगों की आवाज है, हम सभी से जनादेश को पहचानने का अनुरोध करते हैं।

