आजमगढ़ की घटना को लेकर CBSE स्कूलों के प्रबंधक और शिक्षकों ने किया प्रदर्शन, मेरठ में खुले सोफिया और सैंट मैरीज

उत्तर प्रदेशआजमगढ़ की घटना को लेकर CBSE स्कूलों के प्रबंधक और शिक्षकों ने...

Date:

आजमगढ़ के सीबीएसई स्कूल में छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद गिरफ्तार किए गए स्कूल प्रिंसपल और शिक्षक के विरोध में आज पश्चिम यूपी के जिलों में सीबीएसई स्कूल प्रबंधकों और शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। मेरठ में सीबीएसई स्कूल के प्रबंधकों और शिक्षकों ने प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौंपा। वहीं मुजफ्फरनगर में आजमगढ़ के प्रकरण को लेकर स्कूल प्रिंसिपल व टीचर की गिरफ्तार के विरोध में सीबीएसई स्कूलों के शिक्षकों ने नाराजगी जाहिर की। जीआईसी में एकत्र होकर शिक्षक और प्रबंधक डीएम आफिस पहुंचे और प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।

वहीं बिजनौर और नजीबाबाद में स्कूल मैनेजमेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने आजमगढ़ में छात्रा आत्महत्या मामले में प्रधानाचार्य और शिक्षक की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में निर्दोष को तत्काल रिहा करने की मांग की।

शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया

मेरठ में प्रकरण के संबंध में सभी शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। मेरठ सहोदय के सदस्यों ने आजमगढ़ के चिल्ड्रेन एकेडमी में हुई घटना पर दुख व्यक्त किया। इसी के साथ बिना जांच-पड़ताल स्कूल की प्रधानाचार्य व शिक्षक की गिरफ्तारी पर रोष जताया। सहोदय के सचिव गोपाल दीक्षित ने कहा कि गिरफ्तारी के विरोध में आज मंगलवार को सभी स्कूलों में पठन-पाठन नहीं किया गया है।
आज मंगलवार को शिक्षक स्कूल पहुंचे और काली पट्टी बांधकर अपना विरोध प्रकट किया। इस दौरान छात्रा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करके श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सहोदय का आह्वान है कि यदि बच्चों को सही मार्ग पर चलने से रोका टोका नहीं गया तो समाज गलत मार्ग पर जाएगा। इसमें अभिभावकों के सहयोग की अपेक्षा है।

सोफिया, सेंट मैरीज शिशुमंदिर खुले

निजी स्कूलों की प्रदेशव्यापी विरोध के बीच मेरठ के सोफिया गर्ल्स स्कूल और सेंट मैरीज एकेडमी के अलावा शिशु मंदिर खुले रहे। स्कूलों में रोजाना की तरह पठन-पाठन हुआ। वहीं केंद्रीय विद्यालयों में छुट्टी नहीं हुई।

अभिभावक संघ उतरा स्कूलों के विरोध में

आजमगढ़ की घटना को लेकर मामले में पब्लिक स्कूल अभिभावक संघ निजी स्कूलों के विरोध में उतरा है। अभिभावक संघ के अध्यक्ष कपिल राज शर्मा एडवोकेट ने कहा कि छात्रा की मृत्यु पर शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं है। पब्लिक स्कूल अभिभावक संघ दुख की इस घड़ी में मृतक छात्रा के परिवार के साथ है। छात्रा की मौत के जो जिम्मेदार हैं उन पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस मामले में पुलिस कार्रवाई का विरोध कर निजी स्कूलों को बंद किया जाना अनुचित है। इससे लाखों छात्रों की शिक्षा का नुकसान हुआ है। ऐसे स्कूलों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related