UP News: आजमगढ़ में छात्रा श्रेया की संदिग्ध मौत मामले को लेकर प्रदेश भर में अभिभावक संघ और स्कूल एसोसिएशन आमने—सामने आ गए हैं। सीबीएसई स्कूल एसोसिएशन ने आज पूरे यूपी में स्कूल में अवकाश घोषित किया है।
आजमगढ़ में चिल्ड्रन गर्ल्स कॉलेज में छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में प्रिसपल व शिक्षक की गिरफ्तारी को लेकर सीबीएसई स्कूल मैनेजर्स एसोसिएशन में रोष है। इसी के विरोध में आज पूरे प्रदेश में आठ अगस्त मंगलवार को प्राइवेट स्कूलों में अवकाश रखा है। स्कूलों की तानाशाही रवैया को लेकर अभिभावक संघ लामबंद हो गया है। अभिभावक संघ ने भी सभी अभिभावकों से नौ अगस्त बुधवार को स्कूलों में बच्चों को नहीं भेजने की अपील की हैं।
आजमगढ़ में बैठक कर रणनीति बनाई गई। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र यादव ने 31 जुलाई को चिल्ड्रन गर्ल्स कॉलेज में घटना पर दुख प्रकट किया। इसी के साथ उन्होंने घटना में स्कूल के प्रधानाचार्या व शिक्षक की गिरफ्तारी को अनुचित ठहराया। अब अन्य बोर्ड से संचालित प्राइवेट स्कूल उनके समर्थन में आ गए हैं। उन्होंने स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। स्कूल में शिक्षक तो जाएंगे लेकिन वो काली पट्टी बांधकर विरोध करेंगे। स्कूल संचालकों की तानाशाही रवैये को लेकर अभिभावक संघ मैदान में है।
अभिभावकों से अपील नौ अगस्त को बच्चों को स्कूल न भेजें
उत्तर प्रदेश अभिभावक महासंघ सचिव गोविंद दुबे ने प्रदेश के लोगों से अपील की है कि स्कूलों के तानाशाही रवैया के खिलाफ वह सब अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि नौ अगस्त को कोई भी अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल न भेजें। दरअसल छत से कूदकर छात्रा के आत्महत्या प्रकरण में चिल्ड्रेन गर्ल्स स्कूल की प्रिंसपल और शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया था। एसपी के मुताबिक, मोबाइल फोन के लिए डांटने और ऑफिस के बाहर खड़े करने पर छात्रा ने अपमानित महसूस किया और उसने ये कदम उठाया। विवेचना में यह बात सामने आने पर पहले से दर्ज हत्या की धारा को आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में तब्दील कर दिया है।

