- जयंत चौधरी ने कहा, किसान आंदोलन के शहीद किसानों के परिवारों को एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के जिला अलीगढ़ की तहसील इगलास में आयोजित सपा-रालोद की संयुक्त रैली को संबोधित करते हुए आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने गठबंधन की सरकार बनने के बाद एक करोड़ नौजवानों को नौकरी देने का ऐलान किया। किसानों को साधते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों के परिवार को 1 करोड रुपया दिया जायेगा। भाजपा सरकार जिन किसानों को 6000 रुपये दे रही है उन किसानों को गठबंधन की सरकार 12 हजार रुपये देगी।
तहसील इगलास में आयोजित रालोद-सपा गठबंधन की रैली में आज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव शामिल नहीं हुए। लेकिन रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी को सुनने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। जयंत चौधरी का भाषण युवाओं और किसानों पर केंद्रित रहा। उन्होंने कहा कि गठबंधन का सरकार बनने के बाद किसानों को सम्मान निधि के रूप में 12 हजार हजार रुपए दिए जाएंगे। जयंत ने किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसानों को शहीद का दर्जा दिए जाने और उनके आश्रितों को एक करोड़ रुपए देने का ऐलान किया। जयंत चौधरी ने कहा कि किसानों ने पीएम मोदी से माफी मंगवा ली है।
नौजवानों को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि आज प्रदेश में डिग्री वालों के पास नौकरी नहीं है और उन्हें खेती करनी पड़ रही है। जयंत ने सरकार बनने पर एक करोड़ नौजवानों को नौकरी देने का ऐलान किया। चौधरी चरण सिंह की जयंती पर राजनीतिक कार्यक्रमों के आयोजनों पर सवाल उठाते हुए रालोद अध्यक्ष ने कहा कि चौधरी साहब का नाम लेना आसान है लेकिन उनके बताए रास्ते पर चलना मुश्किल है। खासकर भाजपा वालों के लिये तोयह बहुत ही मुश्किल है। सीएम योगी कहते हैं कि उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था सुधार दी है लेकिन यहां बेटियों के साथ छेड़खानी होती है। यह लोग (भाजपा) हाथरस के कातिलों को बचाने में जुटे थे। एक पुराना शेर कहते हुए जयंत चौधरी ने सभा में आए लोगों का दिल जीत लिया कि:हंगामा खड़ा करना मेरा मकसद नहीं जो आग दिल में है वो आग जलनी चाहिए |
Read also: किसानों ने बढ़ाई जयंत चौधरी की बार्गेनिंग पावर
जयंत के जाते ही फैली अव्यवस्था, टूटा मंच
सपा-रालोद की संयुक्त रैली को संबोधित करने के बाद जैसे ही रालोद अध्यक्ष जयंत चैधरी वहां से रवाना हुए कि चारों ओर अव्यवस्था फैल गई। लोग मंच पर चढ़ने के लिए दौड़ पड़े और उनको रोकने की तमाम कोशिशें भी नाकाम रहीं। लोगों की भारी भीड़ के चलते रैली का मंच टूट गया। हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है लेकिन कोई बड़ा हादसा होने से टल गया।

