नागपुर टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलियन टीम का 177 रनों पर पुलिंदा बंध गया. पुलिंदा बाँधने में सबसे बड़ा हाथ पांच महीने बाद मैदान में लौटे रविंद्र जडेजा का रहा जिन्होंने सिर्फ 47 रन देकर पांच विकेट हासिल किये। अपनी गेंदबाज़ी के दौरान जडेजा अपनी ऊँगली पर कुछ लगाते हुए देखे गए. बाद में ऑस्ट्रेलियन मीडिया ने यह मामला उठाते हुए जडेजा पर बॉल टेम्परिंग का आरोप लगाया। ऑस्ट्रेलियन मीडिया नागपुर टेस्ट शुरू होने से पहले ही पिच को लेकर बवाल मचाये हुए था, अब इस मामले को लेकर एक विवाद खड़ा करने की कोशिश की है, हालाँकि BCCI ने चीज़ों को स्पष्ट कर दिया है.
टीम पेन ने लिखा ‘दिलचस्प’
दरअसल पूर्व ऑस्ट्रेलियन कप्तान टिम पेन के पास उनके किसी फॉलोवर ने जडेजा का एक वीडियो भेजा था जिसमें देखा जा सकता है कि गेंदबाज़ी के दौरान जडेजा सिराज के पास गए और उनसे कुछ लिया। उसके बाद वापस आकर वो कप्तान रोहित से कुछ बात कर रहे हैं और इस दौरान वो अपनी ऊँगली पर कुछ लगा रहे हैं, संयोग से गेंद भी उनके उसी हाथ में है. टिम पेन ने इस वीडियो को रीट्वीट किया और लिखा ‘दिलचस्प”. इसके बाद यह वीडियो वायरल हो गया. ऑस्ट्रेलियन मीडिया जो पहले से ही चिढ़ा बैठा हुआ है उसने इस वीडियो को लेकर बाल टेम्परिंग के आरोप तक लगा दिए. हालाँकि ऑस्ट्रेलियन खिलाडी या ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी.
मैच रेफरी ने रोहित-जडेजा को दिखाई क्लिप
ICC ने इस मामले का संज्ञान लिया और मैच रेफरी ने कप्तान रोहित शर्मा को बुलाकर वो वीडियो क्लिप दिखाई, उस समय उनके साथ जडेजा भी मौजूद थे. रोहित ने मैच रेफरी को स्पष्ट कर दिया कि जडेजा ने अपनी ऊँगली में सिर्फ दर्द निवारक मलहम लगाया था. खैर बात का बतंगड़ का बनाने में माहिर ऑस्ट्रेलियन मीडिया की कोशिश नाकाम हो गयी और यह मामला यहीं पर समाप्त हो गया. हालाँकि खिलाडियों को भी ऐसा कुछ करने से पहले इस बात का ख्याल रखना चाहिए वो मैदानी अम्पायरों को जानकारी में ले लें.

