मेरठ पर फिर से छाया कोरोना का साया
मेरठ। जिले में कोरोना का खतरा फिर से बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को 64 नये कोरोना संक्रमित मिलने से प्रशासन की चिंताएं बढ़ गयीं हैं। लोगों को कोविड गाइडलाइन का पालन करने के लिये प्रेरित किये जाने के बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। चेहरे से मास्क गायब है तो सामाजिक दूरी, बहुत दूर की बात बन गयी है। यही कारण है कि जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है।
आज जिले में ५३१३ सैंपलों की जांच की गयी जिनमें से 64 सैंपल पाॅजिटिव मिले हैं। राहत की बात यह है कि कोरोना के कारण आज किसी की जान नहीं गयी। आज 13 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया है। वर्तमान में 190 कोरोना संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं। जिले में कोरोना संक्रमण के कारण 410 लोग जान गवां चुके हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिये स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन अनेक कदम उठा रहा है। लोगों को विभिन्न माध्यमों से जागरूक भी किया जा रहा है। लेकिन कोरोना के खौफ से लोग पूरी तरह से बेखौफ नजर आ रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रशासन की ओर से पाबंदियों को लागू किया जा सकता है। माना जा रहा है कि जल्द ही मास्क न पहनने वाले लोगों के खिलाफ भी अभियान चला कर कार्रवाई की जायेगी।

