पाकिस्तान की टीम को आजकल उसके घर में घुसकर बाहरी टीमें चैलेन्ज दे रही हैं. पाकिस्तान की टीम आज एकबार फिर टेस्ट मैच और टेस्ट श्रंखला हारते हारते बाल बाल बची. न्यूज़ीलैण्ड की टीम बदकिस्मत रही कि दोनों ही टेस्ट मैचों में उसे जीत मिलते मिलते रह गयी, दोनों ही बार खराब रौशनी उसकी और जीत के बीच रूकावट बन गयी. कराची में आज जब खराब रौशनी वजह से खेल को ख़त्म करने का एलान किया गया कीवी टीम को सिर्फ एक विकेट की ज़रुरत थी, मैच में तीन ओवर बाकी थे लेकिन रौशनी इतनी कम हो गयी कि अम्पायरों को लगा कि आगे खेल संभव नहीं है.
सरफ़राज़ ने जमाया चौथा टेस्ट सैकड़ा
पाकिस्तान ने आज खेल शुरू किया तो उसके पास आठ विकेट थे और 319 रनों का लक्ष्य था. पाकिस्तान के दो विकेट जल्दी ही आउट हो गए, इमामुल हक़ और शान मसूद दोनों ही बड़ी लापरवाई भरे शॉट खेलकर पवेलियन लौट गए, बाबर आज़म जो काफी अच्छा खेल रहे थे और अच्छे शॉट लगा रहे थे ब्रेसवेल की अच्छी गेंद और टॉम लैथम के एक शानदार कैच का शिकार बने. पाकिस्तान की टीम इस समय अपने पांच विकेट 80 रनों पर खो चुकी थी लेकिन इसके बाद चार साल बाद टीम में वापस लौटे सरफ़राज़ अहमद ने पहले सऊद शकील और बाद में आग़ा सलमान के साथ उम्दा साझेदारियां निभाकर टीम को जीत की राह पर डाल दिया था. सरफ़राज़ ने आज अपने टेस्ट कैरियर का चौथा सैकड़ा जमाया जिसकी वजह से पाकिस्तान यह मैच बचा सका.
साउथी के मुकद्दर में नहीं थी जीत
लेकिन उसके बाद कीवी टीम ने वापसी की और आग़ा सलमान, हसन अली और सरफ़राज़ के विकेट हासिल कर जीत के दरवाज़े पर पहुँच गयी. रौशनी कम हो चुकी थी इसलिए नयी गेंद के बावजूद कीवी कप्तान ने स्पिनर्स से गेंदबाज़ी करवाई लेकिन जीत शायद टिम साउथी के मुकद्दर में नहीं थी. कम रौशनी एकबार फिर पाकिस्तान को बचाने आ गयी. अम्पायरों ने जब खेल को समाप्त किया कीवी कप्तान काफी निराश लग रहे थे. हालाँकि पाकिस्तान को जीत के लिए सिर्फ 15 रन ही चाहिए थे तब भी साउथी मैच को अंतिम ओवर तक ले जाना चाहते थे. साउथी ने मैच के चौथे दिन जो दिलेराना डिक्लरेशन किया था उसका फल उन्हें मिलते मिलते रह गया.

