कुछ दिनों के लिए रहना पड़ेगा होम आइसोलेशन में
देहरादून । कोरोना संक्रमित हुए उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद सिंह रावत को आज दिल्ली ऐम्स से डिस्चार्ज कर दिया गया। कोरोना संक्रमण को मात देने वाले सीएम रावत को पूरी तरह से स्वस्थ्थ बताया जा रहा है। हालांकि सीएम रावत अभी कुछ दिन तक दिल्ली स्थित आवास में होम आईसोलेशन में रहेंगे। सीएम के स्वस्थ होने पर प्रदेश भाजपा में खुशी का माहौल है।
गौरतलब है कि 18 दिसंबर को उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद सिंह रावत, उनकी पत्नी और बेटी में कोरोना संक्रमण पाये जाने के बाद सभी को होम आईसोलेट किया गया था। जिसके बाद सीएम रावत के बुखार और फेफड़ों में संक्रमण हो जाने के बाद राजकीय दून मेडिकल काॅलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका सीटी स्कैन और अन्य जांचे की गयीं थी। सीएम को वीआईपी वार्ड में भर्ती कर रेमडीसिविर थैरेपी भी दी गयी थी। 28 दिसंबर को सीएम रावत को एम्स दिल्ली रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने सीएम का स्वास्थ्य ठीक होने और कुछ जरूरी जांच के लिये एम्स दिल्ली भेजे जाने की बात कही थी।
अब मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें ऐम्स दिल्ली से डिस्चार्ज कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि सीएम कुछ दिनों तक दिल्ली स्थित आवास में होम आइसोलेशन में ही रहेंगे। आईसोलेशन की अवधि पूरी करने के बाद सीएम रावत देहरादून लौटेंगे।

