त्रिवेंद सरकार के फैसलों पर हरीश रावत ने उठाये सवाल
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने आज एक ट्वीट कर तीरथ सिंह रावत की नयी कैबिनेट पर सवाल खड़े किये। हरीश रावत ने ट्वीट में कहा कि उत्तराखंड सरकार की नई कैबिनेट में कोई नयापन नहीं है। ये पूरी कैबिनेट बोतल में नया लेबल लगाकर पुरानी शराब है। वहीं त्रिवेंद सरकार में मंत्री रहे और अब भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाये गये मदन कौशिक को भी हरीश रावत ने सवालों का निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर धन चटुआ होने के आरोप लगे थे, वो तीरथ मंत्रिमंडल में भी मौजूद हैं।
उत्तराखंड के नये सीएम तीरथ सिंह रावत के मंत्रीमंडल ने कल शाम शपथ ली है। इस कैबिनेट पर सवाल उठाते हुए हरीश रावत ने कहा कि यह उत्तराखंड में सरकार का चेहरा बदलने का नाकाम प्रयास है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि पूर्ववर्ती मंत्रिमंडल के निकम्मेपन, कुशासन और भ्रष्टाचार के लिए केवल दो लोग दोषी पाए गए, उनमें से एक व्यक्ति को उत्तराखंड बीजेपी के अध्यक्ष पद से नवाज दिया गया है। उनका साफ इशारा कद्दावर बीजेपी नेता मदन कौशिक पर था जिन्हेें तीरथ सिंह की कैबिनेट में जगह नहीं दी गयी। हालांकि उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भाजपा नेतृत्व ने पार्टी में होने वाले असंतोष को साधने की कोशिश जरूर की है। बीजेपी नेतृत्व को कठघरे में खड़ा करते हुए हरीश रावत का कहना है कि इतना बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा कर भले ही बीजेपी ने अपने आंतरिक झगड़े सुलझाएं हों, लेकिन राज्य की जनता को इससे कुछ हासिल नहीं हुआ है।
दरअसल उत्तराखंड में कई दिनों तक चले सियासी ड्रामें के बाद त्रिवेंद सिंह रावत ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद तीरथ सिंह रावत ने सीएम पद की शपथ ली तो माना जा रहा था कि मंत्रीमंडल में बड़ा बदलाव कर जनता को संदेश दिया जायेगा। मगर नये मंत्रीमंडल में भी पुराने मंत्रीमंडल के सभी चेहरों को शामिल किया गया। इस मंत्रीमंडल में चार नये चेहरों को शामिल जरूरी किया गया है मगर पुराने मंत्रीमंडल में किसी भी मंत्री को हटाया नहीं गया है। शनिवार को ट्वीट कर पूर्व सीएम हरीश रावत ने उत्तराखंड में सरकार का चेहरा बदलने पर बीजेपी नेतृत्व को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश की है।

