उत्तराखंड में कोरोना ने छीन ली 122 जिंदगियां
गुरुवार को राज्य मेें मिले 7127 नये कोरोना संक्रमित
देहरादून। उत्तराखंड में जानलेवा कोरोना ने एक माह की बच्ची को भी नहीं बख्शा। राजकीय मेडिकल कालेज के कोविड अस्पताल में भर्ती मासूम की जान आज कोरोना ने ले ली। कोरोना का कोप जारी है और गुरुवार को राज्य में 7127 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं संक्रमण से 122 कोरोना मरीजों की मृत्यु हो गयी। राज्य में संक्रमण और मृत्यु दर के कम न होने से स्वास्थ विभाग की चिंताएं बढ़ती जा रही हैं।
गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार 7127 नए मरीज मिलने के बाद राज्य में कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या 78 हजार से अधिक हो गई है। आज 122 मरीजों की मौत होने के बाद कोरोना से मरने वालों का कुल आंकड़ा 4245 हो गया है। गुरुवार को भी देहरादून जिला कोरोना से सर्वाििधक प्रभावित रहा और जिले में सबसे अधिक 2094 मरीज मिले हैं। इसके अलावा हरिद्वार में 1354, यूएस नगर में 691, नैनीताल में 587, टिहरी में 508, पौड़ी में 361, उत्तकाशी में 317, अल्मोड़ा में 210, बागेश्वर में 71, चमोली में 297, चम्पावत में 177, पिथौरागढ़ में 156, रुद्रप्रयाग में 304 नय कोरोना संक्रमित मिले हैं। राज्य में संक्रमण दर 20 प्रतिशत से अधिक है और पिछले नौ दिन से कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या सौ से अधिक है। कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ कंटेनमेंट जोन की संख्या 499 हो गयी है।
कोरोना संक्रमण बच्चों को भी अपना शिकार बना रहा है। राज्य में नवजात से लेकर 9 वर्ष के बच्चे भी कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं। आज राजकीय मेडिकल कालेज के कोविड अस्पताल में रुद्रप्रयाग जिले से आयी एक माह की बच्ची की मौत हो गई। बच्चों में संक्रमण बढ़ने से अभिभावकों की चिंता भी बढ़ती जा रही हैं।

