उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने कहा, तुरंत गिरफ्तार करें बाबा रामदेव को
देहरादून। एलोपैथी दवाओं को लेकर दिये गये बयान के बाद से विवाद मे घिरे योगगुरु बाबा रामदेव के खिलाफ उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने थाने में तहरीर देकर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने देहरादून कोतवाली में तहरीर देकर बाबा रामदेव की तत्काल गिरफ्तारी कर देश का माहौल खराब होने से बचाने की बात कही है।
उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने बाबा रामदेव पर एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति के खिलाफ भ्रम फैलाने को आरोप लगाते हुए देहरादून कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर में लिखा गया है कि रामदेव पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए और उनको तुरंत गिरफ्तार किया जाए, जिससे देश का माहौल और खराब होने से बचाया जा सके। यह एक हितकारी निर्णय साबित होगा। हरिद्वार पतंजलि योगपीठ के संस्थापक बाबा रामदेव के द्वारा एलोपैथी चिकित्सा पद्धति के खिलाफ निरंतर गलत बयान बाजी की जा रही है। डाॅक्टरों को फ्रंटलाइन कोरोना वाॅरियर्स का सम्मान दिया गया एवं प्रत्येक देशवासी अपने चिकित्सकों पर विश्वास रखता है, उन्हें भगवान का दर्जा देता है।
तहरीर में आगे कहा गया है कि बाबा रामदेव द्वारा कहे गए कथनों के कारण देश में एक भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है और देश का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। एक अन्य वीडियो में वह कहते हैं कि मुझे कोई गिरफ्तार नहीं कर सकता। यह सरासर कानून को खुली चुनौती है। ऐसे बयानों से देश और उत्तराखंड के डाॅक्टर काफी आहत हैं।
एलोपैथी का विरोध नहीं कियाः बालकृष्ण
पहले एलोपैथी दवाओं पर दिये गये बयान के बाद चर्चाओं में आये बाबा रामदेव ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और फार्मा कंपनियों से 25 सवाल पूछे थे। गुरुवार को योगगुरू बाबा रामदेव के हवाले से पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा है कि योगगुरु ने कभी भी एलोपैथी का विरोध नहीं किया। उनकी आपत्ति आइएमए के कार्य व्यवहार और अनर्गल आरोपों पर है। उन्हें आइएमए से सवालों के जवाब का इंतजार है। आइएएमए के नोटिस पर उन्होंने कहा कि नोटिस का जवाब नोटिस से ही दिया जाएगा।

