हरिद्वार: उत्तराखंड में भले ही कोरोना का कहर अब कम हो गया है लेकिन सरकार अब भी कोई जोखिम उठाने को तैयार नहीं है और इसीलिए उसने इस साल भी जुलाई में होने वाली कांवड़ यात्रा स्थगित करने का फैसला लिया है।
राज्य के मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने बताया कि इस संबंध में 1-2 दिन में आदेश जारी कर दिए जाएंगे। वहीं दूसरी ओर शासन ने 1 जुलाई से चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों के स्थानीय निवासियों के लिए शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के लिए एसओपी तैयार कर ली है जिसे आज जारी कर दिया जाएगा। एसओपी में जिला प्रशासन, पर्यटन, देवस्थानम बोर्ड, स्वास्थ्य समेत अन्य विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। धामों में नोडल अधिकारी भी तैनात किए जाएंगे।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में पिछले साल भी कोरोना महामारी के कारण कांवड़ यात्रा स्थगित की गई थी। इस साल भी कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका जताई जाने लगी है। इसे देखते हुए कांवड़ यात्रा इस बार भी स्थगित की गई है।

