लखनऊ: सपा की तरफ से हमेशा से ही भाजपा सरकार की नीतियों, बेरोजगारी और अन्य मुद्दों पर सवाल पूछे जाते रहे हैं। इसी कड़ी में एक बार फिर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रदेश की योगी सरकार को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि, भाजपा की अदूरदर्शी और गलत नीतियों के चलते प्रदेश में बेरोजगारी ने अपना विकराल रूप दिखाया है।
उन्होंने कहा कि, भाजपा की नीतियों ने जहां हजारों युवाओं का भविष्य अंधकारमय कर दिया है वहीं हर साल लाखों नौकरियां देने के मुख्यमंत्री जी के दावे का झूठ भी सामने ला दिया है। अर्थशास्त्र के जानकारों के मुताबिक, आने वाले दिनों में आर्थिक मंदी के कारण बेरोजगारी की स्थिति और ज्यादा विस्फोटक हो सकती है। प्रतिवर्ष लाखों को रोजगार का दावा करते भाजपा मुख्यमंत्री थकते नहीं परन्तु सच्चाई यह है कि शिक्षकों की भर्ती हो या डॉक्टरों की अथवा विभागीय रिक्तियों की हर जगह रुकावटें दिखती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि, भाजपा सरकार ने न सिर्फ रोजगार बल्कि इन्वेस्टमेंट मीट का भी खूब प्रचार किया। नए रोजगार के दावे किए गए और बड़े-बड़े विज्ञापन छपे, कई एमओयू भी हुए लेकिन जमीन पर एक भी उद्योग नहीं लगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, सपा कार्यकाल में जो आईटी हब बना, अमूल प्लांट लगा, सैमसंग आया, आज भी उन्हें ही दिखाकर मुख्यमंत्री जी अपनी पीठ थपथपा लेते हैं।

