लखनऊ/आगरा। UP Election 2022: Akhilesh Yadav – समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा जनपद के बाह और एत्मादपुर के बाद मैनपुरी में अपने निर्वाचन क्षेत्र करहल में कार्यकर्ता सम्मेलनों को सम्बोधित किया और और सघन जनसम्पर्क किया। उन्होंने हर जगह समाजवादी पार्टी और गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने की पुरजोर अपील की। उन्होंने कहा कि यह चुनाव प्रदेश के भविष्य का चुनाव है। लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। पहले चरण से ही भाजपा का सफाया होगा। पश्चिम में भाजपा का सूरज डूब जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जनता को परेशानी दी है। किसानों नौजवानों को अपमानित किया है। पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। महंगाई और बेरोजगारी के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल दवा, इलाज खाद, बीज सब कुछ भाजपा सरकार ने महंगा कर दिया।
Read also: यूपी चुनावी दंगल 2022: हिंदुत्व के बहाने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को घेरने की कोशिश
इस सरकार ने बिजली का उत्पादन बढ़ाने के लिए कोई काम नहीं किया लेकिन बिजली का बिल बढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास ठप है। जनता समाजवादियों की तरफ देख रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों के लिए उम्मीद लेकर आई है। समाजवादी पार्टी ने बिना भेदभाव के काम किया है। भाजपा ने अन्याय और अत्याचार किया है। सपा सरकार बनने पर 300 यूनिट घरेलू बिजली फ्री करेंगे। खेती की सिंचाई पूरी तरह से मुक्त होगी। छात्रों को लैपटॉप देंगे। नौजवानों के लिए नौकरी रोजगार का इंतजाम करेंगे। आलू कारखाने के लिए अलग से सब्सिडी देंगे। किसानों को आलू की सही कीमत दिलाने के लिए बड़ा कारखाना लगाएंगे।
अखिलेश यादव ने कहा गरीब माताओं बहनों के लिए हर साल 18 हजार रुपए समाजवादी पेंशन देंगे। सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती करेंगे। आईटी के क्षेत्र में 22 लाख नौकरियां देंगे। किसानों को गन्ना भुगतान के लिए कार्पस फंड बनाएंगे। सभी फसलों की खरीद एमएसपी पर होगी। गरीबों और मजदूरों को सस्ता भोजन के लिए समाजवादी किचन और सस्ते सामान के लिए समाजवादी किराना स्टोर खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था को खराब कर दिया है। हाथरस में बेटी के साथ हुई घटना, लखीमपुर खीरी में किसानों की जीप से कुचलकर की गई हत्या, गोरखपुर में पुलिस द्वारा होटल में व्यापारी की पीट-पीटकर हत्या, ये घटनाएं दिल दहलाती है। फर्जी एनकाउंटर में निर्दोशों की हत्या को प्रदेश की जनता भूल नहीं सकती है। विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।
Read also: यूपी चुनाव : अखिलेश यादव की संपत्ति में दिखा मामूली इजाफा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने पुलिस व्यवस्था डायल 100 का 112 करके कबाड़ा कर दिया। कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए हम इस व्यवस्था में गाड़ियां बढ़ाएंगे और पुलिस फोर्स बढ़ाएंगे जिससे लोगों की तकलीफ में मदद के लिए पुलिस जल्दी से जल्दी पहुंच सके। कोरोना काल में बड़ी संख्या में लोगों की ऑक्सीजन, दवा और बेड की कमी से मौत हो गई। सरकार ने सबको अनाथ छोड़ दिया। भाजपा के संकल्प पत्र में लैपटॉप बांटने का वादा करके भी पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के समय बड़ी संख्या में लोगों की नौकरी चली गई। पैदल चलते हुए मजदूरों की मौत हो गई लेकिन बीजेपी सरकार ने कोई मदद नहीं की। भाजपा बाबा साहब के संविधान को धीरे-धीरे खत्म कर रही हैं। सरकारी संस्थाओं को निजी हाथों में सौंप रही है। लोगों के हक और अधिकार छीने जा रहे हैं। अखिलेश यादव ने जनता से कहा कि विधानसभा चुनाव में कई जगह लोगों ने फोन पर धमकी मिलने की शिकायत की है। इन धमकियों को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लीजिएगा। सपा सरकार बनने पर इन्हीं धमकियों की रिकॉर्डिंग को एफआईआर माना जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 में ऐतिहासिक बदलाव होगा। जनता भाजपा का सफाया करेगी। जनता इनकी साजिशों को ना काम करेगी और जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी।

