लखनऊ। यूपी चुनावी दंगल 2022 – फिल्म ‘पुष्पा’ का डायलॉग ‘पुष्पा जानकर फ्लावर समझा क्या, मैं फायर है’ अब यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में भी आ गया है। असल में, जिस ‘पुष्पा’ को फ्लावर समझकर बीजेपी ने टिकट काट दिया था, अब वही ‘फायर’ बनकर बहुजन समाज पार्टी से चुनावी मैदान में कूद गयी हैं। हम बात कर रहे हैं देवरिया की रामपुर कारखाना विधानसभा सीट से बीजेपी की बागी और बसपा प्रत्याशी पुष्पा शाही की। जब बसपा से पुष्पा अपना टिकट लेकर विधानसभा रामपुर कारखाना के बड़हरा चौराहे पर पहुंचीं तो बसपाइयों ने उनका जबरदस्त स्वागत किया। इस अवसर पर पुष्पा शाही ने कहा कि एक महिला का दर्द बहन मायावती ने समझा और मुझे टिकट दिया। पुष्पा शाही ने रोते हुए बीजेपी पर टिकट न देकर अन्याय करने का आरोप लगाया और कहा कि इस बार वह चुनाव जीतकर विधानसभा में पहुंचने का काम करेंगी।
Read also: उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी और मजलिस का संभावित गठजोड़
दो बार निर्दलीय चुनाव लड़े पुष्पा के पति गिरजेश
आपको बता दें कि बसपा प्रत्याशी पुष्पा शाही के पति गिरजेश उर्फ गुड्डू शाही रामपुर कारखाना विधानसभा (वर्ष 2012 में विधानसभा का गठन हुआ था) से वर्ष 2012 में निर्दलीय लड़े थे और दूसरे स्थान पर रहे थे। वहीं, वर्ष 2017 के चुनाव में भी गिरजेश निर्दलीय लड़े और 41,814 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे। वर्ष 2019 का समय आया तो गिरजेश शाही बीजेपी में शामिल हो गए और सोचा कि वर्ष 2022 में पार्टी उन्हें रामपुर कारखाना से अपना उम्मीदवार बनाएगी।
जानकारी के मुताबिक, गिरजेश शाही ने अपनी पत्नी पुष्पा शाही के लिए टिकट मांगा था, लेकिन लिस्ट आई तो इनका नाम न होकर सुरेंद्र चौरसिया का नाम था। इसके बाद गिरजेश शाही ने अपने गांव नौतन में अपने समर्थकों को इकट्ठा किया, जहां पुष्पा शाही लोगों के बीच फूट-फूट कर रोईं थीं। इस दौरान इनके समर्थकों ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की नसीहत दी। वह तैयारी करने में जुट गए और बीएसपी से टिकट की मांग करने लगे, लेकिन बसपा ने यहां से सन्देश उर्फ मिस्टर यादव को टिकट दे दिया। लेकिन, पुष्पा ने हार नहीं मानी और पार्टी सुप्रीमो मायावती से टिकट के लिए कोशिश करती रहीं। अंतत: बीएसपी ने सन्देश का टिकट काटकर पुष्पा को अपना प्रत्याशी बना दिया है।
3 मार्च को होगा मतदान
आपको बता दें कि रामपुर कारखाना विधानसभा सीट से वर्तमान में भाजपा के कमलेश राय विधायक हैं। 3 मार्च को इस सीट पर मतदान होगा। इस बार रामपुर कारखाना से वर्ष 2012 में समाजवादी पार्टी से विधायक रहीं गजाला लारी चुनावी मैदान में हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी से सुरेंद्र चौरसिया और बसपा की ओर से भाजपा बागी पुष्पा शाही चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस की ओर से शेहला अहरारी और आम आदमी पार्टी की ओर से कौशल किशोर मणि मैदान में हैं। हालांकि, अब तक तो देखने से यही लग रहा है कि जो भी टकराएगा, वह अब बीएसपी की प्रत्याशी पुष्पा शाही से ही टकराएगा।

