मेरठ। Covid Third Wave – पहले चरण का मतदान कोरोना की तीसरी लहर के बीच हो रहा है। हालांकि कोरोना की तीसरी लहर कुछ कम हुई है। लेकिन फिर भी अभी कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। जिलों में अब भी सैकड़ों की संख्या में कोरोना मरीज मिल रहे हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमण के बीच चुनाव करना काफी चुनौती भरा काम है। इसके लिए जहां प्रशासन तैयारी कर रहा है वहीं स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी की है। स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रत्येक मतदान केंद्र में तैनात होगी। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर वोट डालने आने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए पीपीई किट भी दी जाएगी। मतदान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लगाया जाएगा। इनको थर्मल स्केनर के अलावा मास्क और सेनिटाइजर और ग्लब्स उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मतदान के दौरान मतदान केंद्रों पर कोरोना संक्रमण रोकने की जिम्मेदारी पूरी तरह से आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं पर होगी। इन आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रशिक्षण दिया गया है। जिससे कि मतदान के दौरान कोरोना रोकने की दशा में वो सावधानी बरते और खुद को भी संक्रमण से बचाकर रखे।
Read also: कोरोना की तीसरी लहर ने जनवरी में देश के सेवा क्षेत्र की वृद्धि को प्रभावित किया
बता दें कि निर्वाचन आयोग ने जिस समय विधानसभा चुनाव की घोषणा की थी उस दौरान ही कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए काफी सख्ती दिखाई थी और सभी राजनैतिक दलों और उम्मीदवारों को दिशा—निर्देश जारी किए थे। जिसके चलते पहले चरण का पूरा चुनाव प्रचार वर्चुअल माध्यम से हुआ और उम्मीदवारों को सोशल मीडिया के माध्यम से ही अपने—अपने क्षेत्र के मतदाताओं से जनसंपर्क करना पड़ा। पहले चरण के चुनाव में पीएम मोदी ने कई वर्चुअल रैलियों को संबोधित किया।
ये होगी मतदान केंद्रों पर कोरोना रोकने की व्यवस्था :
मतदान केंद्र के मुख्य द्वार पर थर्मल स्केनर की व्यवस्था होगी। थर्मल स्केनर की कसौटी पर खरा उतरने के बाद ही मतदाता को भीतर जाने दिया जाएगा। इसके बाद मतदाता को सैनिटाइजर से हाथ सैनिटाइज करने होंंगे। बिना मास्क के किसी भी मतदाता को मतदान केंद्र के भीतर नहीं जाने दिया जाएगा।
Read also: कोरोना संक्रमित होने के कारण कीगन पीटरसन न्यूजीलैंड दौरे से बाहर
कोरोना संक्रमण अंत में डाल सकेंगे वोट:—
अगर कोई मतदाता कोरोना संक्रमित है और वो अपने मत का प्रयोग करना चाहता है तो उसके लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी। कोरोना संक्रमित मतदाता को सबसे अंत में वोट डलवाया जाएगा। कोरोना संक्रमित व्यक्ति को पहले पीपीई किट पहनाई जाएगी उसके बाद उसको वोट डलवाया जाएगा।

