स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर की शानदार बल्लेबाज़ी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को तीन वनडे मैचों की श्रंखला के पहले मैच आसानी से मात दी. टी20 वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद ऑस्ट्रेलिया की यह शानदार वापसी कही जाएगी वह भी विश्व चैम्पियन के खिलाफ। बता दें कि अगले साल भारत में एकदिवसीय क्रिकेट का विश्व कप भी होने वाला है. ऑस्ट्रलिया के लिए वार्नर और स्मिथ का रन बनाना बड़ा अहम है क्योंकि टी 20 विश्व में इन दोनों बल्लेबाज़ों ने बड़ा निराशाजनक प्रदर्शन किया था.
डेविड मलान ने जड़ा सैकड़ा लेकिन इंग्लैंड के काम न आया
एडिलेड में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में इंग्लैंड ने निर्धारित 50 ओवर में पहले खेलते हुए नौ विकेट खोकर 287 रन बनाए. इस लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने 47 वे ओवर में ही चार विकेट के नुक्सान पर हासिल कर लिया, ऑस्ट्रलिया ने चार विकेट 291 रन बनाये. मेजबान ऑस्ट्रेलिया तीन वनडे मैचों की सीरीज में अब 1-0 से आगे है. टॉस ऑस्ट्रेलिया के कप्तान कमिंस ने जीता और इंग्लैंड को बल्लेबाजी का न्योता दिया. इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही लेकिन बाद में डेविड मलान ने पारी को अच्छे से संभाला. उन्होंने बिलिंग्स, बटलर, लियम डॉसन और क्रिस जॉर्डन के साथ छोटी मगर महत्वपूर्ण साझेदारियां कीं. इस बीच मलान के साथी साथ छोड़ते रहे लेकिन वो अपनी जगह पर जमे रहे और एडम ज़म्पा की गेंद पर आठवें विकेट के रूप में आउट होने से पहले उन्होंने 124 रनों की शानदार पारी खेली जिसकी बदौलत ही इंग्लैंड की टीम 287 के स्कोर तक पहुंच सकी. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पैट कमिंस और एडम जैम्पा सबसे कामयाब रहे , दोनों ने 3-3 विकेट हासिल किए.
ऑस्ट्रेलिया की सलामी जोड़ी ने मैच को एकतरफा बनाया
ऑस्ट्रेलिया ने जब 288 रनों के लक्ष्य का पीछा करना शुरू किया तो स्कोर को देखते हुए मुकाबला रोमांचक होने की आशा थी लेकिन ऑस्ट्रेलियाई सलामी जोड़ी वार्नर और ट्रैविस हेड ने 147 रनों की शुरुआत देकर मैच एकतरफा सा कर दिया। ट्रैविस हेड पहले आउट होने बल्लेबाज़ थे जिन्होंने 69 रनों की तेज़ पारी खेली. इसके बाद वार्नर और स्मिथ ने स्कोर को 200 तक आसानी से पहुंचा दिया। यहाँ पर वार्नर 86 रन बनाकर विली की गेंद पर आउट हो गयी. मार्नस लाबुशेन जल्दी आउट हो गए मगर एलेक्स कैरी और कैमरन ग्रीन की मदद से स्टीव स्मिथ ने टीम को जीत की लाइन पार करा दी, स्मिथ ने नाबाद 80 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड के लिए डेविड विली ने दो विकेट हासिल किये. श्रंखला का अगला मैच सिडनी में 19 नवंबर को खेला जायेगा।

