सऊदी अरब जाकर वहां पर रोज़गार तलाशने की चाहत रखने वालों के लिए अब एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आयी है. सऊदी अरब के नए नियमों के मुताबिक अब भारतीय लोग बिना पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट के सऊदी अरब का वीजा अप्लाई कर सकते हैं. यह सुविधा विशेषकर भारतीयों के लिए है, इसे भारत और सऊदी अरब के बीच मज़बूत सम्बन्धो की एक कड़ी माना जा रहा है.
एप्लिकेशन प्रोसेसिंग, टूर फर्म्स के लिए बड़ी राहत
सऊदी अरब के भारतीय दूतावास ने ट्वीट के माध्यम से यह जानकारी दी है. ट्वीट में कहा गया है कि सऊदी अरब ने भारतीय लोगों के लिए पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट की जरूरतों को खत्म कर दिया है. दूतावास के ट्वीट में कहा गया है कि सऊदी अरब और भारत के बीच बेहतर संबंधों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है. भारतियों को यह सुविधा मिलने से एप्लिकेशन प्रोसेसिंग, टूर फर्म्स के लिए अब बड़ी आसानी होगी .
सऊदी अरब में रह रहे हैं 20 लाख भारतीय
बता दें कि सऊदी अरब में करीब 20 लाख से ज्यादा भारतीय रह रहे हैं. गौरतलब है सऊदी क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान इसी महीने भारत आने वाले थे लेकिन फिलहाल उनकी यात्रा व्यक्तिगत कारणों से रद्द कर दी गई है. हालाँकि इंडोनेशिया की राजधानी बाली में G 20 समिट में दोनों देशों के प्रधानमंत्री मौजूद थे लेकिन दोनों के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई कि नहीं इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है.

