मेरठ : जिले के गंगानगर में कला प्रवक्ता डॉ. नीरज शर्मा से पांच लाख की रंगदारी मांगने का मामला आया है। लगातार दो दिन तक व्हाट्सएप कॉल आने के बाद प्रवक्ता ने गंगानगर थाने में रंगदारी मांगे जाने की तहरीर दी है।रंगदारी मांगने वाले करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। प्रवक्ता और उनका परिवार इस समय दहशत में है। डॉ. नीरज शर्मा के अनुसार मंगलवार शाम उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि वह लॉरेंस विश्नोई गैंग से बोल रहा है। पांच लाख का इंतजाम कर लो। इतना कहने के बाद कॉल कट गया। नीरज के अनुसार उन्होंने उक्त नंबर को व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया। बुधवार को जब वो कॉलेज पहुंचे तो अपने साथी शिक्षकों को घटना की जानकारी दी। वहां उन्होंने उस नंबर को अनब्लॉक किया। करीब साढ़े दस बजे फिर उनके मोबाइल पर उसी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आ गई।
इस बार भी कॉल करने वाले ने कहा कि पांच लाख रुपये का इंतजाम हुआ कि नहीं, इंतजाम कर लो। पांच लाख रुपये नहीं मिले तो तेरी लाश घरवालों को भेज दी जाएगी। उसके बाद वाट्सअप कॉल कट गई। घटना की जानकारी डॉ. नीरज ने डॉयल-112 पर दी। पुलिस कॉलेज में पहुंच गई। पुलिस ने मोबाइल से उक्त नंबर पर कॉल कराई। रंगदारी मांगने वाले ने कहा कि अपनी जान प्यारी है तो पांच पेटी तैयार रखना। मैं अकाउंट नंबर दूंगा उसमें 5 लाख रुपये डाल देना। उसे बाद कॉल कट गई।
इंचौली थाने से गंगानगर भेजा
डॉ. नीरज डॉयल-112 पुलिस टीम के साथ सुरक्षा में इंचौली थाने पहुंचे। डॉ. नीरज के अनुसार इंस्पेक्टर जितेंद्र दुबे ने मामला सुना और बताया कि इसकी शुरूआत गंगानगर से हुई है, वहीं पर मामला बताना होगा। इसके बाद वह गंगानगर थाने पहुंचे और तहरीर दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका न तो गंगानगर में और न विद्यालय में किसी से विवाद है।
गंगानगर में मुकदमा हुआ दर्ज
डॉ. नीरज शर्मा की तहरीर पर गंगानगर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रंगदारी का मुकदमा दर्ज हो गया है। एसएसआई दलवीर सिंह ने बताया कि प्रवक्ता डॉ. नीरज से पूछताछ की है। उन्होंने किसी से विवाद होने से इन्कार किया है। उनके द्वारा दी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर नंबर की जांच थाने पर सर्विलांस टीम कर रही है। जल्द आरोपियों का पता लगाकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में एसपी देहात केशव कुमार ने कहा कि नंबर ट्रेस किया जा रहा है। टेलीकॉम कंपनी से इसके बारे में ब्योरा मांगा है।

