संभाल से सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क, उनके पोते और सपा विधायक ज़ियाउर्रहमान के विवादित बयानों के बाद अब संभल से SP विधायक इकबाल महमूद ने अपना मुंह खोला है और इस बात दावा कर डाला है कि सच्चा मुसलमान कभी बीजेपी को वोट नहीं दे सकता क्योंकि भाजपा और आरएसएस का मुस्लिम प्रेम सिर्फ दिखावा है. आरएसएस और भाजपा मुसलमानों की भलाई के बारे में कभी सोच ही नहीं सकते , इसलिए मुस्लिम प्रेम की यह चाहे जितनी भी कोशिश कर लें सच्चा मुसलमान इन्हें कभी वोट नहीं दे सकता।
विधायक इकबाल महमूद ने लखनऊ में हुए BJP के पसमांदा मुस्लिम सम्मेलन के बारे में मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि मुसलमानों की सबसे बड़ी और कट्टर विरोधी पार्टी BJP है, इसलिए सच्चा मुसलमान उसे वोट देने के बारे में सोच ही नहीं सकता। सपा विधायक ने कहा कि जो लोग महात्मा गांधी के हत्यारे गोडसे की पूजा करते हों उन पर मुसलमान कभी भरोसा कर ही नहीं सकता। इकबाल महमूद ने ओवैसी की पार्टी पर भी हमला बोला और कहा कि यह भाजपा की अघोषित बी टीम है, मायावती पर भी भाजपा से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बहन जी के हमले सिर्फ सपा पर होते हैं, भाजपा के नाम पर उनका मुंह सिल जाता है.
बता दें कि भाजपा और आरएसएस दोनों ही इनदिनों मुस्लिम समुदाय के हित की बात कर रहे हैं विशेषकर उनका टारगेट मुस्लिम समाज का पसमांदा तबका है जिसे रिझाने के लिए दोनों पूरा ज़ोर लगा रहे हैं, गौरतलब है कि यूपी में इन दिनों निकाय चुनाव का माहौल है. BJP अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा लखनऊ में पिछले दिनों पसमांदा मुसलमानों के कई सम्मेलन आयोजित किए गए जिसमें पसमांदा मुसलमानों का आह्वान करते हुए कहा गया कि उनके वोट लेकर सपा, बसपा और कांग्रेस पार्टी कई बार सत्ता में आईं लेकिन कभी उन्हें उनका हक नहीं दिया. सम्मेलनों में मुसलमानों के इस तबके से बीजेपी को एकबार मौका देने की बात कही गयी.

