मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने आज प्रेस कांफ्रेस करते हुए हिमाचल प्रदेश के लिए विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है।हालाँकि पीएम मोदी के गृहराज्य गुजरात के लिए होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा फिलहाल चुनाव आयोग ने नहीं की है. मुख्य चुनाव आयुक्त के मुताबिक हिमाचल के लिए अधिसूचना 17 अक्टूबर को जारी की जाएगी. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर है. वहीँ 27 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 29 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे. 12 नवंबर को वोट पड़ेंगे और मतगणना 8 दिसंबर को होगी.
निर्वाचन आयोग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में पहली बार 43,000 से अधिक नये वोटर जुड़े हैं जो पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसके अलावा 100 वर्ष से अधिक उम्र के 1000 से अधिक मतदाओं के लिए चुनाव आयोग उनके घर जाकर उन्हें वोट डालने की सुविधा देगा, इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए राज्य की सभी सीमाओं को सील किया जाएगा। इसके साथ ही मतदाताओं को उम्मीदवारों की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए आयोग मतदाताओं को उम्मीदवारों के आपराधिक रिकॉर्ड भी उपलब्ध कराएगा।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं। मुख्य मुकाबला सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच होने के आसार हैं लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी भी पूरा ज़ोर लगा रही है, दिल्ली के बाद पंजाब में मिली बड़ी सफलता के बाद आम आदमी पार्टी के हौसले काफी बुलंद हैं और अब वो अपनी जीत के सिलसिले को और आगे बढ़ाना चाहती है. 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में 68 सीटों में से बीजेपी को 44 और कांग्रेस को 21 सीटें हासिल हुई थीं जबकि तीन सीटें अन्य के खाते में गई थीं. हिमाचल की 68 सीटों में से 48 सीटें सामान्य वर्ग के लिए हैं, 17 सीटें अनुसचित जाति और 3 सीटें अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं.

