अमित बिश्नोई
यूएई में 19 सितंबर से शुरू होने जा रहे आईपीएल के 13वें सीजन पर कोरोना का खतरा मंडराता नजर आ रहा है. आईपीएल शुरू होने से कुछ ही हफ्ते पहले इससे जुड़े कई लोगों का टेस्ट कोरोना पॉजिटिव आया है. जिसके बाद अभी भी टेस्टिंग जारी है और इनफेक्टेड हुए खिलाडिय़ों के संपर्क में आए बाकी लोगों के भी पॉजिटिव होने की आशंका है. चेन्नई सुपरकिंग्स का एक प्लेयर और 12 स्टाफ मेंबर पहले ही कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं, लेकिन अब बताया जा रहा है कि एक और खिलाड़ी को कोरोना हुआ है. इसे लेकर अब बीसीसीआई की तरफ से भी सफाई दी गई है. वहीं, कोरोना के मामलों को लेकर फिलहाल बीसीसीआई ने अभी शेड्यूल जारी नहीं किया है. सवाल ये है कि अगर किसी खिलाड़ी को कोरोना इनफेक्शन होता है तो ऐसे में तमाम अन्य खिलाडिय़ों और स्टाफ मेंबर्स को खतरा है. ऐसे में आईपीएल का आयोजन कैसे होगा?
बीसीसीआई की सफाई
अब कई स्टाफ मेंबर्स और खिलाडिय़ों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद बीसीसीआई की तरफ से सफाई में बताया गया है कि यूएई में लैंड करते ही सभी खिलाडिय़ों और स्टाफ मेंबर्स का कोरोना टेस्ट हुआ था. बीसीसीआई ने कहा है, ‘यूएई में लैंडिंग के बाद आईपीएल में हिस्सा लेने वाले सभी लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ और सभी ने क्वारंटीन के नियमों का पालन किया. 20 अगस्त से लेकर 28 अगस्त तक कुल 1,988 टेस्ट हुए, जिसके बाद कुल 13 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए. इनमें से दो खिलाड़ी हैं.Ó
चेन्नई सुपरकिंग्स का दूसरा खिलाड़ी भी इनफेक्टेड
आईपीएल के लिए दुबई पहुंची चेन्नई सुपरकिंग्स के खेमे से ही सभी 13 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. शुक्रवार 28 अगस्त को बताया गया कि चेन्नई सुपरकिंग्स का एक फास्ट बॉलर और 12 सपोर्टिंग स्टाफ कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, लेकिन अब एक दूसरा प्लेयर भी कोरोना इनफेक्टेड पाया गया है. बताया जा रहा है कि ये राइट हैंडेड बैट्समैन इंडिया ए टीम का हिस्सा है. जिसके बाद अब टीम से जुड़े तमाम लोगों का एक बार फिर कोरोना टेस्ट किया गया है.
नहीं दिखे लक्षण
बीसीसीआई के मुताबिक, जिन 13 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनमें से किसी में भी कोरोना के लक्षण नहीं हैं. सभी आइसोलेशन में हैं. आईपीएल की मेडिकल टीम इनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही.
रैना इस साल आईपीएल नहीं खेलेंगे
दूसरी तरफ, सुरेश रैना व्यक्तिगत कारणों का हवाला देकर इस साल आईपीएल से हट गए हैं. रैना इस साल आईपीएल में नहीं खेलेंगे. चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ केएस विश्वनाथन ने टीम के ट्विटर हैंडल पर अपने नाम से बयान जारी किया. इसमें कहा, निजी कारणों के चलते सुरेश रैना भारत लौट आए हैं. वे इस सीजन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे. सीएसके इस वक्त सुरेश और उनके परिवार के साथ खड़ा है. 33 साल के रैना आईपीएल में सीएसके के लिए अब तक 193 मैच खेल चुके हैं. इस दौरान 137 के स्ट्राइक रेट से करीब पांच हजार रन बनाए. इस दौरान 25 विकेट भी उनके नाम दर्ज हुए. सुरेश रैना ने 15 अगस्त को इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान किया था. इसी दिन धोनी ने भी संन्यास लिया था.
क्वारंटीन थी टीम, फिर कैसे हुआ कोरोना?
चेन्नई की टीम 21 अगस्त को दुबई पहुंची थी. इसके बाद 7 दिन के लिए पूरी टीम को क्वारंटीन किया गया था. चेन्नई की टीम को शुक्रवार से ही प्रैक्टिस शुरू करनी थी. इसी दौरान टीम का एक खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ के 12 लोग पॉजिटिव आ गए. इसके बाद टीम का क्वारंटीन पीरियड 1 सितंबर तक के लिए बढ़ा दिया गया. सवाल ये है कि जब टीम क्वारंटीन में थी तो खिलाडिय़ों और स्टाफ को कोरोना कैसे हुआ?
चेन्नई टीम बनी कोरोना हॉटस्पॉट
चेन्नई टीम से जुड़े एक ऑफिशियल ने कहा कि फिलहाल, आईपीएल पर तो कोई खतरा नहीं दिख रहा, लेकिन जिस तरह आईपीएल की एक टीम कोविड-19 का हॉटस्पॉट बनती दिख रही है ऐसे में दूसरी फ्रेंचाइजी और बीसीसीआई की चिंता बढ़ गई होगी. ऐसा होना लाजिमी भी है, क्योंकि अकेले चेन्नई टीम में कोरोना के 13 मामले सामने आ चुके हैं. यह सबके लिए परेशानी की बात है. खासतौर पर विदेशी खिलाडिय़ों के मामले में, क्योंकि वे इस तरह की स्थिति से जल्दी घबरा जाते हैं.
मुंबई इंडियंस और केकेआर का बढ़ सकता है क्वारंटीन पीरियड
कोरोना संकट के बढ़ते प्रकोप के बीच अब मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइटराइडर्स फ्रेंचाइजी टीमों को एक नए नियम का पालन करना होगा. यूएई के शहर अबु धाबी के नियम के मुताबिक, इन दोनों टीमों को आईपीएल के बायो-सिक्योर घेरे में आने से पहले सात दिन का और क्वारंटीन पीरियड गुजारना होगा.

