नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज का चौथा और आखिरी टेस्ट मैच शुक्रवार से गाबा के मैदान पर शुरू होने जा रहा है। सीरीज के निर्णायक मैच को लेकर जहां ऑस्ट्रेलियाई टीम का पलड़ा भारी नजर आ रहा है, तो वहीं चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही भारतीय टीम भी अपनी पूरी ताकत लगाना चाहती है और मैच को जीत कर सीरीज को दोबारा जीतने का रिकॉर्ड बनाना चाहती है। मैच के दौरान चाहे जो भी हो लेकिन कुछ ऐसी चीजें जो कि सिडनी के मैदान पर उन्हें कोई भी टीम गाबा में दोहराते हुए नहीं देखना चाहती।
इसी को लेकर ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान टिम पेन ने स्टेडियम में आने वाले दर्शकों से खास अपील की है और मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों के साथ बदतमीजी न करने के साथ ही उनका सम्मान बनाये रखने की बात कही है। उल्लेखनीय है कि सिडनी में खेले गये तीसरे टेस्ट मैच के दौरान कुछ ऑस्ट्रेलियाई फैन्स की ओर से भारतीय खिलाड़ियों पर नस्लीय टिप्पणी करने का मामला सामने आया था।
इसको लेकर भारतीय टीम मैनेजमेंट और बीसीसीआई ने आधिकारिक रूप से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सामने अपनी शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर सीए ने माफी मांगते हुए ऐसी घटनाओं को रोकने में तत्परता दिखाने की बात कही थी।
वहीं चौथे टेस्ट मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान टिम पेन (Tim Paine) ने दर्शकों से अपील करते हुए कहा,’मेरा मानना है कि मैच देखने आये लोगों का किसी के साथ भी बदतमीजी करना गलत है। मेरी अपील है कि रेसिज्म के नजरिये को छोड़ दें और गाबा (Gaba Test) में साथ आकर सिर्फ क्रिकेट का आनंद ले। भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों के लिय समर्थन करें, अगर ठीक लगे तो अंपायरों का भी समर्थन करें। मेरा सुझाव है कि जो भी दर्शक मैच देखने आये वो मैदान के गेट पर ही अपने अंदर की नफरत और बदतमीजी को छोड़कर आयें। खेल के साथ-साथ खिलाड़ियों को भी सम्मान देने और उनके लिये अच्छा माहौल तैयार करने की जरूरत है।’

