एजबेस्टन: कीवी टीम के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। मैच से एक दिन पहले कीवी टीम के कप्तान केन विलियमसन के चोटिल हो जाने के चलते टॉम लैथम इस मैच में कप्तानी करते नजर आ रहे हैं, हालांकि मैच से कुछ देर पहले ही न्यूजीलैंड के खेमे से एक और बुरी खबर आई। टीम के नियमित बल्लेबाज और विकेटकीपर डीजे वॉटलिंग पीठ की चोट के चलते इस मैच से बाहर हो गए हैं।
वहीं पर कीवी टीम ने उनकी जगह पर विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल को शामिल किया है। वहीं पर केन विलियमसन की जगह विल यंग ने ली जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में डेब्यू किया था। वह अपने टेस्ट करियर का तीसरा ही मैच खेल रहे हैं।
इसके अलावा कीवी टीम ने काइल जैमिसन को भी आराम देने का फैसला किया और उनकी जगह पर एजाज पटेल को मौका दिया। न्यूजीलैंड की टीम ने टिम साउदी को आराम देते हुए इस मैच में ट्रेंट बोल्ट को खिलाने का काम किया है।
वहीं पर इंग्लैंड की टीम की बात करें तो उन्होंने अपने प्लेइंग इलेवन में सिर्फ एक बदलाव किया है और सस्पेंशन की वजह से बाहर गए ऑली रॉबिंसन की जगह डेनियल लॉरेंस को टीम में जगह दी है। गौरतलब है कि लॉरेंस घरेलू स्तर पर ससैक्स के लिए खेलते हैं और इंग्लैंड के लिए अपना सातवां मैच खेल रहे हैं और मध्यक्रम में बल्लेबाजी कर टीम के बैटिंग ऑर्डर को मजबूत करने का काम करेंगे।

