40 इलाके अतिसंवेदनशील, लोग बने हुए हैं लापरवाह
मेरठ में कोरोना का प्रकोप जारी है और सोमवार को 74 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। प्रशासन की ओर से कोविड गाइडलाइन का पालन कराने और मास्क न पहनने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की चेतावनी खानापूर्ति तक सीमित रही। कुछ एक जगहों पर बिना मास्क पहने लोगों को रोक गया और सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। ऐसे में जब लोग लापरवाही बरत रहे हों और प्रशासन सिर्फ बैठकें कर और चेतावनी जारी कर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ले तो कोरोना संक्रमण को रोकना बेहद मुश्किल है।

सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार आज कुल 5376 सैंपलों की जांच की गयी जिसमें 74 सैंपल पाॅजिटिव पाये गये हैं। राहत की बात यह है कि आज भी कोरोना से कोई मौत नहीं हुई और मरने वालों का आंकड़ा 410 पर ही टिका हुआ है। इस समय 321 लोग होम आईसोलेशन में हैं। आज 26 कोरोना संक्रमितों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया है। जिले में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 22181 हो गया है।
जिले में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए गंगानगर, आबूलेन, सदर बाजार, मानसरोवर, सेंट्रल मार्केट, कैलाशपुरी और सूरजकुंड सहित 40 इलाकों को अतिसंवेदनशील घोषित कर दिया गया है। मगर इन क्षेत्रों में भी लोग मास्क पहनने या सामाजिक दूरी अपनाने से परहेज कर रहे हैं।

