राम की नगरी अयोध्या में भव्य राम मंदिर के उद्घाटन की तैयारी अपने अंतिम चरण में है। 22 जनवरी को सैकड़ों सालों बाद रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होनी है, देश-विदेश से हज़ारों मेहमान इस ऐतिहासिक मौके का हिस्सा बनेंगे। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस मौके पर मौजूद होंगे। हर कोई इस ऐतिहासिक मौके से खुद को जोड़ना चाह रहा है, कुछ ऐसा करना चाह रहा है कि उसका नाम रिकॉर्ड में शामिल हो जाय. ऐसा ही एक रिकॉर्ड महाराष्ट्र के सेलिब्रिटी शेफ विष्णु मनोहर भी बनाना चाह रहे हैं, उन्हें अयोध्या आने वाले विशिष्ट मेहमानों के लिए भोजन और प्रसाद बनाने के लिए विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है.
अब ऐसे में शेफ विष्णु मनोहर ने एकबार में सबसे ज़्यादा मात्रा में प्रसाद बनाने का कीर्तिमान कायम करने का बीड़ा उठाया है, मनोहर सात हज़ार किलो प्रसाद बनाकर इस कीर्तिमान को स्थापित कर राम मंदिर के साथ हमेशा के लिए अपना नाम जोड़ना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने तैयारी शुरू कर दी है. इस मीठे प्रसाद जिसे राम हलुवा का नाम दिया गया है को बनाने के लिए शेफ विष्णु मनोहर की मशहूर कढ़ाई को अयोध्या लाया जायेगा। ये कढ़ाई इतनी बड़ी और भारी है कि इसे उठाने के लिए क्रेन का सहारा लेना पड़ता है. खुद को कारसेवक बताने वाले शेफ विष्णु मनोहर अयोध्या में सात हज़ार किलो राम हलुवा बनाने के लिए किचेन तैयार करवा रहे हैं.
सेलिब्रिटी शेफ विष्णु मनोहर ने कहा कि वो पहली बार एक कार सेवक के रूप में अयोध्या गए थे। अयोध्या में बन रहे विशेष किचेन के बारे में उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस रसोई में 1400 किलो की एक स्टील की कढ़ाई में हलवा बनेगा, इस कढ़ाई के बीच में हवले को गर्म करने के लिए लोहे की गोलाकार परत होती है। बता दें कि विष्णु मनोहर एक ही कढ़ाई में 2000 किलो पोहा बनाने का भी रिकॉर्ड भी स्थापित कर चुके हैं। विष्णु मनोहर अपनी टीम के साथ 20 जनवरी से पहले ही अयोध्या पहुंच जायेंगे। उन्होंने बताया कि अयोध्या में बनने वाले राम हलुवे में नागपुर का स्वाद होगा और ये सूजी से बनेगा। सूजी का ही हलवा क्यों के सवाल पर उन्होंने कहा कि भगवान को सूजी का हलवा ही चढ़ाया जाता है।

