जिले में कम हो रही है कोरोना की रफ्तार
मेरठ। कोरोना संक्रमण की रफ्तार मेेरठ में कम होती जा रही है। पिछले कई दिनों से नये कोराना मरीजों की संख्या में गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार को जिले में 169 नये कोरोना मरीज मिले हैं। वहीं आज कोरोना के कारण 7 मरीजों ने जान गंवाई है।
मंगलवार को मेरठ जिले में 169 नये कोरोना संक्रमित मिलने के साथ कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 68239 हो गया है। जिले में कोरोना एक्टिव केस अब 4631 हो गये हैं। आज 608 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किये जाने के बाद कोरोना को मात देने वालो का आंकड़ा 62838 हो गया है। वहीं आज 7 कोरोना संक्रमितों की मौत हो जाने से संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 770 हो गयी है। (आंकड़ों का स्रोतः कोविड19इंडिया.ओआरजी)
वैक्सीनेशन कराने के लिये युवाओं में उत्साह
कोरोना की वैक्सीन लगवाने के प्रति युवा वर्ग में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। शुरूआती दौर में कोरोना वैक्सीन लगवाने में हिचकिचा रहे युवा अब कोरोना वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन, स्लाॅट बुक करने के बाद टीकाकरण केंद्र में पहुंचने में उत्साह दिखा रहे हैं। सुबह से ही युवा वैक्सीन लगवाने के लिए टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचने शुरू हो जाते हैं। अब न तो चेहरे पर पहले की तरह भय है और न ही टीका लगवाने के बाद आने वाले संभावित बुखार से वह घबरा रहे हैं। वैक्सीन को लेकर मन में व्याप्त भ्रांतियां पूरी तरह से दूर हो चुकी हैं और युवा टीकाकरण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
सड़कों पर उतरे अधिकारी, काटे चालान
मंगलवार को एडीजी राजीव सभरवाल लाॅकडाउन का निरीक्षण करने के लिये शहर का दौरा किया और अधिकारियों को बेवजह घूम रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने चेकिंग अभियान शुरू करा कर बिना वजह घूम रहे लोगों पर कार्रवाई कराई। पिता-भाई के पुलिस में होने की गुहार भी काम न आयी और पुलिस ने बिना काम के घुमने निकले लोगों पर महामारी और वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

