कई दिन से कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 100 से अधिक
मेरठ में शुक्रवार को भी कोरोना के ग्रहण से मुक्ति नहीं मिली। बुधवार को जहां मेरठ जनपद में कोरोना के 119 नये मामले सामने आये थे वहीं गुरूवार को नये कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 165 रहा। आज शुक्रवार को 147 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। कई दिन से कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 100 से अधिक होने से प्रशासन चिंतित है। मेरठ में गुरुवार से कोरोना (नाइट कर्फ्यू) भी लगा दिया गया है। प्रशासन अपनी ओर से सख्ती कर रहा है लेकिन संक्रमण रोकने के तमाम प्रयास नाकाम साबित हो रहे हैं।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार मेरठ जनपद में आज कुल 6715 सैंपलों की जांच की गयी जिसमें 147 सैंपल पाॅजिटिव पाये गये हैं। आज कोरोना से किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या 412 है। इस समय 499 लोग होम आईसोलेशन में हैं। आज 17 कोरोना संक्रमितों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया है। जिले में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 22720 हो गया है। जनपद के गंगानगर, जागृति विहार और शास्त्रीनगर के क्षेत्र, श्रद्धापुरी, ईश्वर पुरी, राजेन्द्र नगर और सरधना आदि क्षेत्र में सर्वाधिक कोरोना संक्रमित मिले हैं।
नाईट कर्फ्यू का सख्ती से पालन करायेंः डीएम
कानून एवं शांति व्यवस्था व माॅस्क न पहनने के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के दृष्टिगत अपर पुलिस महानिदेशक, आईजी, कमिश्नर, जिलाधिकारी व एसएसपी ने शहर के प्रमुख स्थानों का दौरा किया। अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि कानून व्यवस्था प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। जिलाधिकारी के0 बालाजी ने कहा कि नाईट कफ्र्यू का सख्ती से पालन करायें, आमजन को मास्क का उपयोग करने व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाये। इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक राजीव सब्बरवाल, आईजी प्रवीण कुमार, कमिश्नर सुरेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी के0 बालाजी, एसएसपी अजय साहनी उपस्थित रहे।

