नहीं थम रही जनपद में कोरोना की रफ्तार
मेरठ। जनपद में कोरोना की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को जिले में 1119 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं और 11 कोरोना मरीजों की मौत हो गयी। सड़कों और बाजारों में भीड़ और प्रशासन की नजरअंदाजी के कारण कोरोना को रोकने के लिये लगाया गया लाॅकडाउन भी बेमानी साबित हो रहा है।
यही हाल रहे तो आने वाले दिनों में लाॅकडाउन की अवधि और बढ़ने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
गुरुवार को मेरठ में 6737 सैंपलों की जांच की गयी जिसमें 1119 सैंपल पाॅजिटिव पाये गये हैं। आज कोरोना के कारण 11 लोगों की मौत हो गयी। जिले में अब एक्टिव केस 13675 हो गये हैं।
1898 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं 4787 लोग होम आईसोलेशन में हैं। वहीं 606 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया है।
वहीं पंचायत चुनाव के बाद गांवों में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। बताया गया कि मेरठ कके इकड़ी गांव में किये गये 40 टेस्ट में से 21 सैंपल पाॅजिटिव निकले हैं। गांव में अब तक छह लोगों की मौत भी हो चुुकी है।
इकड़ी में 50 प्रतिशत से अधिक सैंपलों का पाॅजिटिव निकलना गांवों में फैल रहे कोरोना संक्रमण की भयावहता को दर्शा रहा है।
मेडिकल कालेज में आने वाले हर मरीज को करें भर्ती
मेडिकल कालेज में मरीजों को भर्ती करने में आ रही परेशानियां जगजाहिर हैं। इसी को लेकर आज दोपहर कमिश्नर व डीएम ने मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया। कमिश्नर सुरेंद्र सिंह और डीएम के. बालाजी ने कोविड वार्ड और आक्सीजन प्लांट का निरीक्षण करते हुए किसी मरीज को दिक्कत न होने देने के निर्देश दिए।
Read Also : राजस्थान में 10 से 24 मई तक सख्त लॉकडाउन
कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि मेडिकल कालेज में अब आक्सीजन और अन्य संसाधनों की कोई कमी नहीं है। ऐसे में यहां आने वाले हर मरीज को भर्ती किया जाए। कमिश्नर ने मेडिकल स्टाफ का उत्साहवर्धन करने के लिए भी कहा। इस दौरान कालेज प्राचार्य डा. ज्ञानेंद्र सिंह, कोविड वार्ड के नोडल प्रभारी डा. सुधीर राठी, वरिष्ठ चिकित्सक धीरज बालियान आदि मौजूद रहे।
सुरेश रैना की आंटी तक 20 मिनट में पहुंचा ऑक्सीजन सिलेंडर
क्रिकेटर सुरेश रैना की आंटी कोरोना संक्रमण का शिकार हैं। आज सुरेश रैना ने ट्वीट कर अपनी आंटी के मेरठ में भर्ती होने और उन्हें तत्काल ऑक्सीजन की जरूरत होने की बात कही। सुरेश रैना ने सीएम योगी आदित्यनाथ को टैग कर ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया तो मेरठ पुलिस ने बीस मिनट में ही उनकी आंटी तक ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचा दिया गया।

