कराची। पाकिस्तान के सिंध क्षेत्र में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। जिसमें दस वर्षीय की बच्ची का अपहरण कर उसका निकाह 80 साल के बुजुर्ग से करा दिया गया। घटना 22 अक्तूबर की बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंध प्रांत में हिंदू महिलाओं और लड़कियों के अपहरण की घटनाओं में तेजी आई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार घटना सिंध के शेख भिरकियो इलाके में हुई है। जहां 10 साल की हिंदू लड़की मीना बजानी को कपड़े धोने के घाट से अपहरण कर लिया। 10 साल की लड़की का अपहरण जमींदार मुल्ला रशीद के गुंडों ने किया। इसके बाद बच्ची काे धर्म परिवर्तन करने के लिए मजबूर किया गया। बाद में बुजुर्ग मुल्ला रशीद से उसका निकाह करा दिया गया।
सिंध क्षेत्र में एक अन्य घटना में शांति मेघवार नाम की विवाहित हिंदू महिला का 24 अक्टूबर को अपहरण कर लिया गया। सिंध के तंदू मुहम्मन खान जिले में उसके घर से चार हथियारबंद बदमाशों ने उसे अगवा किया। रिपोर्ट्स के अनुसार पीड़िता का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और उसकी शादी मंजूर शेख से कराई गई।
महिला की मां का आरोप है कि एसएचओ इरफान दस्तीकोल ने उनकी रिपोर्ट इसलिए दर्ज नहीं की क्योंकि वह रिश्वत के तौर पर पांच हजार रुपये नहीं दे सकी थी। उसने सिंध के सीएम मुराद शाह से मामले में हस्तक्षेप करने और उसकी बेटी को छुड़ाने की मांग की है।

