10 माह बाद उत्तराखंड में कल से खुलेंगे उच्च शिक्षण संस्थान

उत्तराखंड10 माह बाद उत्तराखंड में कल से खुलेंगे उच्च शिक्षण संस्थान

Date:


10 माह बाद उत्तराखंड में कल से खुलेंगे उच्च शिक्षण संस्थान

  • कोरोना संक्रमण से सुरक्षा रहेगा सबसे बड़ा मुद्दा
  • संक्रमण से बचाव के लिये हरसंभव उपाय अपनाने के निर्देश

न्यूज़ डेस्क। उत्तराखंड में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच कल यानी मंगलवार से उच्च शिक्षण संस्थान खोले जा रहे हैं। सभी विवि-कालेज को कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए शैक्षिक संस्थान को शुरू करने के निर्देश दिये गये हैं। 10 माह बाद खोले जा रहे विवि-कालेज में कोरोना संक्रमण से सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा रहेगा।

प्रदेश में कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है। मगर छात्रों के शैक्षिक हित को देखते हुए सरकार ने राज्य के विश्वविद्यालय और कालेज खोलने की अनुमति दे दी थी। अब कल यानी मंगलवार से राज्य के विश्वविद्यालय और कालेजों में यूपी व पीजी के प्रथम और अंतिम सेमेस्टर की प्रैक्टिकल वाली कक्षाओं को शुरू किया जा रहा है। सभी विवि-कालेज को कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करने और कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये हरसंभव उपाय अपनाने के निर्देश दिये हैं।

गौरतलब है कि कोरोना महामारी के चलते मार्च महीने से ही सरकार ने राज्य के सभी शैक्षिक संस्थानों को बंद कर दिया था। नवंबर माह में सरकार ने माध्यमिक स्तर पर 10 और 12 वीं की कक्षाओं को शुरू करने की अनुमति दी थी। जिसके बाद अब उच्च शिक्षा संस्थानों को खोले जाने की मांग ने जोर पकड़ लिया था। कैबिनेट की बैठक में 15 दिसंबर से स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर पहले और अंतिम सेमेस्टर की प्रैक्टिकल वाली कक्षाओं को शुरू करने का निर्णय लिया गया था।

उच्च शिक्षा निदेशक डाॅ. कुमकुम रौतेला ने बताया कि सभी विवि-कालेज को कोरोना संक्रमण से बचाव के सभी मानकों का सख्ती से पालन करने के सख्त निर्देश दिये गये हैं। मानकों के अनुसार अपने अभिभावक की अनुमति लेकर आये छात्रों को ही शैक्षिक संस्थान में प्रवेश दिया जायेगा। मास्क पहनना और परिचय पत्र साथ रखना जरूरी है। शैक्षिक संस्थानों में सभी को अनिवार्य रूप से सामाजिक दूरी का पालन करना होगा।

विद्यार्थियों को कक्षा में एक सीट छोड़कर बैठना होगा। शिक्षक-कर्मचारी-छात्र के संक्रमित पाए जाने पर शैक्षिक संस्थान को तत्काल सूचना देनी होगी। शैक्षिक संस्थान में प्रैक्टिकल विषय वाले छात्र ही आएंगे, बाकी की आॅनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी। किसी विषय में छात्रों की संख्या 50 से ज्यादा होने पर दो पालियों में पढाई कराई जायेगी।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related