देहरादून। पेपर लीक मामले में आज शनिवार को 33 वीं गिरफ्तारी एसटीएफ द्वारा की गई। एसटीएफ ने आयोग में तैनात पीआरडी कर्मचारी संजय राणा भीमतला जिला चमोली निवासी को गिरफ्तार किया। आरोपी द्वारा पूर्व पीआरडी कर्मचारी मनोज जोशी के साथ मिलकर अपने घर लखनऊ से लीक प्रश्न पत्र की फोटो कॉपी करवाई गई और पत्नी को प्रश्न पत्र देकर चयनित करवाया। एसटीएफ स्पेशल टास्क फोर्स ने गवाहों के बयान और टेक्निकल साक्ष्य के आधार पर अभियुक्त को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से फोटो कॉपी मशीन और सीपीयू बरामद किया गया है। वह वर्ष 2014 से 2022 अप्रैल तक यूकेसीएसएससी में पीआरडी कर्मचारी पद पर नियुक्त था।
इससे पहले शुक्रवार को इसी मामले में एसटीएफ ने राजकीय पॉलीटेक्निक हिंडोलाखाल के जूनियर असिस्टेंट को गिरफ्तार कर लिया था। वह मूल रूप से लक्सर हरिद्वार का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोप है कि उसने भी कई अभ्यर्थियों को धामपुर में हाकम सिंह के सेंटर पर हल किए प्रश्नपत्र दिए थे। इसे याद कर अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। एसटीएफ एसएससपी अजय सिंह ने बताया कि परीक्षा के पेपर लीक में धामपुर केंद्र बना हुआ है। हाकम ने ललित राज शर्मा के मकान को केंद्र बनाया था। जहां पर 100 से अधिक अभ्यर्थियों को हल किया पेपर दिया गया था। अब एक-एक कर सभी आरोपियों से पूछताछ हो रही है।
कई अभ्यर्थियों के बयान दर्ज कराए हैं। इनमें अब राजवीर निवासी लक्सर का नाम सामने आ रहा था। वह हाकम सिंह के सेंटर पर अभ्यर्थियों को लेकर गया था। जहां उसने पेपर दिया और याद कराया। इसके बाद उन्हें वाहन से परीक्षा केंद्रों तक लेकर गया और वापस लाया था। उसके खिलाफ कई लोगों ने बयान दिए। इस आधार पर शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। वह पॉलीटेक्निक हिंडोलाखाल, टिहरी गढ़वाल में जूनियर असिस्टेंट के पद पर है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। उसके साथियों के बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है।

