कंपनियां एक के बाद एक कर्मचारियों को बाहर निकाल रही है, छंटनी का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। छटनी के इस दौर में अब वीडियो संचार प्लेटफॉर्म ZOOM ने 150 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। पिछले साल फरवरी में भी ZOOM ने लगभग 1,300 कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया था। ZOOM ने कहा कि छंटनी के बावजूद कंपनी 2024 में AI, बिक्री, उत्पाद और अन्य सेक्टरों में नियुक्तियां जारी रखेगी।
ZOOM द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि हम अपनी रणनीति के साथ तालमेल सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से अपनी टीमों का मूल्यांकन करते हैं। ZOOM प्रवक्ता के मुताबिक इस प्रयास के हिस्से के रूप में, हम क्षमताओं को जोड़ने और भविष्य के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नियुक्तियां जारी रखने के लिए भूमिकाओं में सुधार कर रहे हैं।
वहीँ क्लाउड सॉफ़्टवेयर विक्रेता ओक्टा ने भी लगभग 400 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया है। ओक्टा के सीईओ टॉड मैकिनॉन के मुताबिक सच्चाई यह है कि लागत बहुत अधिक है। छटनी की इस खबर पर प्रीमार्केट ट्रेडिंग में ओक्टा के शेयरों में करीब 3.6 फीसदी तेज़ी आ गयी। कंपनी ने कहा कि “दीर्घकालिक सफलता” प्राप्तकरने के लिए अधिक “विचारशील” होने की जरूरत है। टॉड मैकिनॉन ने कहा कि मुनाफा हासिल करने के लिए हमें व्यवसाय को अधिक दक्षता के साथ चलाने की आवश्यकता है। हालांकि हमने सही दिशा में कदम उठाए हैं, हमें अपने समग्र खर्च के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है ताकि हम सबसे अधिक अवसर वाले क्षेत्रों, उत्पादों और बाजार में निवेश करना जारी रख सकें।”