मथुरा। केंद्र सरकार की सेना भर्ती की अग्निपथ योजना के विरोध में मथुरा में आज भी युवकों का प्रदर्शन जारी है। हजारों की संख्या में ग्रामीण युवकों ने नेशनल हाईवे 19 पर धरना देकर जाम लगा दिया है। जिसके चलते पिछले पांच घंटे से जाम लगा हुआ है। आलाधिकारियों की टीम मौके पर जमा है और युवकों को समझाने का प्रयास कर रही है। लेकिन युवकों ने खबर लिखे जाने तक भी जाम नहीं खोला है। थाना हाईवे क्षेत्र के नरौली पुल के पास बैठे इन युवकों ने सरकार से योजना वापस लेने की मांग की है। करीब पांच घंटे से अधिक समय से जाम लगा हुआ है। पुलिस प्रशासन आलाधिकारी प्रदर्शनकारी युवाओं को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन प्रदर्शनकारी युवाओं ने धरने पर उठने से मना कर दिया है।
Also read: सात राज्यों तक फैली “अग्निपथ” की आग
सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का कहना है कि जिस तरह से चार साल के लिए तीनों सेनाओं में नौकरी का कार्यकाल किया गया है। उसी प्रकार से नेताओं का कार्यकाल भी दो वर्ष का किया जाए। आज शुक्रवार को हाईवे थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर युवकों ने जाम लगा दिया। जिसके बाद आगरा से दिल्ली जाने वाले हजारों वाहन जाम में फंस गए हैं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पांच घंटे से अधिक बीत जाने के बाद प्रदर्शनकारी मांगों को लेकर नेशनल हाईवे 19 पर डटे हुए हैं।
Also read: युवाओं में उबाल जारी, कई ट्रेनें आग के हवाले
प्रदर्शनकारी युवाओं का कहना है कि जिस तरह से डी आरडी भर्ती को मजाक बनाकर रख दिया है। यह देश के लिए बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार मनमानी पर उतारू है। सरकार अब सेना की हर रेजीमेंट को बेचने में लगी है। युवाओं की मांग है कि जिस तरह से हमारे साथ सरकार ने ये मजाक किया है उसी तरह से नेताओं का कार्यकाल दो साल कर दिया जाए। इसके अलावा इन नेताओं के पेंशन भत्ता और अन्य को पूरी तरह से निरस्त कर देना चाहिए।

