Site icon Buziness Bytes Hindi

फेसबुक से परवान चढ़ा प्यार तो समुदाय विशेष का युवक रिश्ता लेकर पहुंच गया युवती के घर

देहरादून। सोशल मीडिया पर दो समुदायों के युवक व युवती का प्यार परवान चढ़ा तो युवक अपने परिजनों के साथ रिश्ता लेकर युवती के घर जा पहुंचा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक व युवती के साथ उनके परिजनों को भी थाने ले आई। 
इसकी जानकारी बजरंग दल कार्यकर्ता को लगी तो वो भी मौके पर पहुंचे और वहां पर हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद युवती को पुलिस ने उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। बताया जाता है कि अलीगढ़ के रहने वाले समुदाय विशेष के युवक की कनखल थाना क्षेत्र की कॉलोनी में रहने वाली दूसरे समुदाय की युवती से फेसबुक पर पिछले कुछ दिनों से बातचीत चल रही थी। बताया जाता है कि युवती के पिता की मृत्यु हो चुकी है और उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है।

इसके चलते युवक अपने परिजनों के साथ युवती के घर पर शादी का रिश्ता लेकर पहुंच गया। आरोप है कि युवक ने नाम बदलकर युवती से शादी करने की कोशिश की। इस बात का पता जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को हुआ तो वे मौके पर पहुंच गए लेकिन तब तक जगजीतपुर पुलिस चौकी इंचार्ज खेमेंद्र गंगवार टीम के साथ युवती और उसकी मां सहित युवक और उसके परिजनों को चौकी पर लेकर पहुंच गए थे।  इसके बाद बजरंग दल कार्यकर्ता चौकी पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। थाना प्रभारी मुकेश चौहान का कहना है कि युवती को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया है। जबकि युवक व उसके परिजनों को चेतावनी देकर वापस भेज दिया गया है।

Exit mobile version