कांग्रेस महासचिव और राहुल गाँधी की बहन प्रियंका गाँधी अपने भाई की जीत को रायबरेली में यकीनी बनाने के लिए जी जान लगा रही हैं। सिर्फ रायबरेली में ही नहीं बल्कि अमेठी में भी उन्होंने के एल शर्मा का चुनाव प्रचार भी संभाले हुए हैं. उनका एक पैर रायबरेली में तो दूसरा अमेठी में रहता है. आज प्रियंका की सिर्फ रायबरेली में नुक्कड़ सभाएं और रोड शो था. इस मौके पर अपने सभाओं में उन्होंने मुद्दों पर बात करते हुए कहा कि हम एक ऐसी सरकार बनाने जा रहे हैं, जिसका लक्ष्य आपके जीवन में बदलाव लाना होगा। एक ऐसी सरकार जो आपकी खुशहाली के लिए काम करेगी, आपके भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए काम करेगी।
प्रियंका ने कहा कि PM मोदी कहते हैं कि मैंने कभी हिंदू-मुसलमान नहीं किया। अगर मैं हिंदू-मुसलमान करूं तो प्रधानमंत्री बनने के लायक नहीं रहूंगा। प्रधानमंत्री ने ये बात एक इंटरव्यू में कही लेकिन अगले ही दिन महाराष्ट्र में जाकर फिर से हिंदू-मुसलमान करने लगे। देश की जनता अब नरेंद्र मोदी और BJP के नेताओं की बातों पर भरोसा ही नहीं करती है। ये लोग एक दिन कहते हैं कि हम सबके खाते में 15-15 लाख डालेंगे। अगले दिन BJP के नेता कहते हैं ये तो ‘चुनावी जुमला’ था। आखिर जनता इन पर कैसे भरोसा करे ?
उन्होंने कहा कि राहुल मेरे भैया हैं इसलिए मैं जानती हूँ और आपको बताती हूँ राहुल गांधी जी देश के इकलौते नेता हैं, जो जनता की समस्याओं को सुनने के लिए 4,000 किलोमीटर कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल चले हैं। उन्होंने देश के लोगों का दर्द समझने के लिए मणिपुर से महाराष्ट्र तक की यात्रा की है। प्रियंका ने कहा कि मैं बताना चाहती हूं कि वो सच्चे इंसान हैं, उन्हें अन्याय बर्दाश्त नहीं होता और वो न्याय के लिए हमेशा लड़े हैं।
प्रियंका गाँधी ने कहा कि आज तो सवाल उठाना मुश्किल हो गया है. अमित शाह की रैली में पत्रकार ने सवाल उठाया तो उसे BJP के कार्यकर्ताओं ने पीट दिया। महिला शिक्षामित्र अपने हक के लिए प्रदर्शन करती हैं तो उन्हें मारा-पीटा जाता है। उनपर रासुका लगा दिया जाता है।
