हर साल 26 जुलाई को देशभर में कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह वह दिन है जब पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध में शहीद हुए भारतीय सैनिकों के बलिदान को सम्मानपूर्वक याद किया जाता है। कारगिल विजय दिवस के मौके पर कई लोग अलग -अलग जगहों पर जाकर जवानों को याद करते है अगर आप भी कारगिल विजय दिवस के मौके पर कुछ अद्भुत जगहों की सैर करना चाहते हैं तो परिवार या दोस्तों के साथ इन जगहों पर पहुंच सकते हैं।
कारगिल युद्ध स्मारक
जब कारगिल विजय दिवस पर जाने की बात आती है तो भारत के जम्मू-कश्मीर राज्य में स्थित ‘कारगिल युद्ध स्मारक’ का नाम सबसे पहले लिया जाता है। यह स्मारक भारत-पाकिस्तान युद्ध के लिए जाना जाता है।
यह प्रसिद्ध युद्ध स्मारक उन वीर सैनिकों की याद में बनाया गया है जिन्होंने 1999 में कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति दी थी। यहां उन शहीदों के नाम भी अंकित हैं जिन्होंने अपने प्राणों की बाजी लगा दी थी। इस प्रसिद्ध युद्ध स्मारक को देखने के लिए हर साल लाखों देशी-विदेशी पर्यटक भी पहुंचते हैं।
राष्ट्रीय युद्ध स्मारक
राजधानी दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक कारगिल विजय दिवस के विशेष अवसर पर घूमने के लिए एक शानदार जगह है। यह प्रसिद्ध स्मारक सशस्त्र बलों के सम्मान में बनाया गया एक स्मारक है।
40 एकड़ में फैले राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की चट्टानों पर 2,000 से अधिक शहीद सैनिकों के नाम लिखे हैं। यहां आप अमर चक्र, वीरता चक्र, त्याग चक्र और रक्षा चक्र भी देख सकते हैं। आपको बता दें कि यह इंडिया गेट के पास स्थित है।
जैसलमेर युद्ध संग्रहालय
जैसलमेर युद्ध संग्रहालय कारगिल विजय दिवस के विशेष अवसर पर घूमने के लिए सबसे अच्छी जगहों में से एक है। यह संग्रहालय वर्ष 1971 में लड़ी गई लोंगेवाला की लड़ाई में शहीद हुए सैनिकों के सम्मान में स्थापित किया गया है।
इस युद्ध संग्रहालय को 1971 के युद्ध के अलावा 1965 के युद्ध की यादों के लिए भी याद किया जाता है। इस युद्ध संग्रहालय में आप युद्ध के दौरान इस्तेमाल किए गए हथियारों को भी करीब से देख सकते हैं।
अटारी-वाघा बॉर्डर
अगर आप कारगिल विजय दिवस के मौके पर भारत-पाकिस्तान सीमा पर जाना चाहते हैं तो आपको पंजाब के अमृतसर में अटारी-वाघा सीमा पर जरूर जाना चाहिए। कारगिल विजय दिवस के खास मौके पर हजारों लोग यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यहां आप भी परेड का हिस्सा बन सकते हैं.
अमृतसर में अटारी-वाघा बॉर्डर घूमने के साथ-साथ आप जलियांवाला बाग भी जा सकते हैं। इसके अलावा आप स्वर्ण मंदिर के दर्शन का भी आनंद ले सकते हैं।
