Site icon Buziness Bytes Hindi

चुनाव लड़ रहे योगी, वोट बटोर रहे मोदी


चुनाव लड़ रहे योगी, वोट बटोर रहे मोदी

सुनील शर्मा

अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में भले ही सीएम प्रत्याशी योगी आदित्यनाथ हों और चुनाव उन्हीं के नाम पर लड़ा जा रहा हो लेकिन भाजपा की रैलियों की बात करें तो पीएम मोदी ही सीएम योगी के लिए भीड़ जुटा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की चुनावी सभाओं में जुट रही लाखों लोगों की भीड़ उनकी लोकप्रियता को दर्शा रही है। वहीं रैलियों की जनसभा स्थल पर लगे पोस्टर और सभा स्थल को गूंजाते नारे भी बता रहे हैं की यूपी में तो मोदी हिट ही हिट हैं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभी तक भाजपा का सबसे बड़े चेहरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में ही सामने आ रहा है। उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उत्तर प्रदेश पर विशेष ध्यान केंद्रित किए हुए हैं। बीते 30 दिन में प्रधानमंत्री मोदी उत्तर प्रदेश में बड़ी-बड़ी जनसभाओं को संबोधित कर अरबों रुपए की सौगात प्रदेश को दे चुके हैं। दिसंबर के बाकी रह गए दिनों में भी प्रधानमंत्री मोदी का उत्तर प्रदेश में आना लगा रहेगा।

Read also: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री के अब तक आठ दौरे संपन्न, सौगातों की भरमार

दरअसल उत्तर प्रदेश चुनाव में अगड़े-पिछड़े वोट की राजनीति प्रबल रहने की संभावना है। ऐसे में नरेंद्र मोदी जो खुद पिछड़े वर्ग से आते हैं उनको भाजपा संगठन यूपी चुनाव में आगे रखना चाहता है। वहीं प्रदेश के 12 प्रतिशत ब्राह्मण वोटरों की नाराजगी भी पीएम मोदी दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। अभी तक देखने में आया है कि ब्राह्मण वोटर भले ही सीएम योगी से नाराज हो मगर पीएम मोदी के लिए उनके दिलों में अभी भी वही जगह है।

गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य स्वामी प्रसाद मौर्या भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यूपी चुनाव में भाजपा का चेहरा बता चुके हैं। मौर्या ने पूर्व में कहा था कि 2014, 2017 और 2019 में हुए चुनाव में नरेंद्र मोदी ही भाजपा का चेहरा थे। अभी तक भाजपा मोदी के नाम पर जीतती आई है और आगे भी उन्हीं का नाम और काम भाजपा को वोट दिलाएगा।

उत्तर प्रदेश पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ध्यान कितना अधिक है इसको बयां करने के लिए बीता एक महीना ही काफी है। 16 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। 19 नवंबर को पीएम ने महोबा में अर्जुन बांध परियोजना का उद्घाटन किया। 19 नवंबर को ही झांसी में डिफेंस काॅरिडोर को पीएम ने देश को सौंपा। 20 नवंबर को लखनऊ पहुंचे पीएम मोदी वहां डीआईजी-आईजी के सम्मेलन में शामिल हुए और दो दिन तक लखनऊ में ही रहे। 25 नवंबर को प्रधानमंत्री ने जेवर में जनसभा को संबोधित करते हुए जेवर एयरपोर्ट का शिलान्यास किया। 7 दिसंबर को गोरखपुर में एम्स और एक बड़े फर्टिलाइजर प्लांट का लोकार्पण पीएम ने किया। 11 दिसंबर को बलरामपुर में सरयू कैनाल प्रोजेक्ट का लोकार्पण करने वाले पीएम मोदी ने 14 दिसंबर को वाराणसी में काशी विश्वनाथधाम काॅरीडोर का लोकार्पण किया। इसके बाद 18 दिसंबर को प्रधानमंत्री ने शाहजहांपुर में जनसभा को संबोधित करने के साथ गंगा एक्सप्रेस-वे की आधारशिला रखी।

Read also: चढूनी ने किया अपनी राजनीतिक पार्टी के गठन का ऐलान

आने वाले दिनों में भी पीएम मोदी यूपी की राजनीति के केंद्र में रहेंगे। 21 दिसंबर को प्रयागराज में सहायता समूह की महिलाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री उनके खाते में अनुदान और मानदेय की राशि ट्रांसफर करेंगे। 23 दिसंबर को एक बार फिर से पीएम मोदी काशी पहुंचेंगे और 1500 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात देंगे। 28 दिसंबर को कानपुर आईआईटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद पीएम मोदी निराला नगर रेलवे मैदान में लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।

16 नवंबर से 28 दिसंबर तक प्रधानमंत्री मोदी के उत्तर प्रदेश की राजनीति में बने रहने का लाभ भाजपा को मिलने की संभावना है। अपने भाषण में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री मोदी जनता के बीच उनका कद बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा नेतृत्व को भी पूरी उम्मीद है कि पूर्व की भांति मोदी मैजिक एक बार फिर से असर दिखाएगा और उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार फिर से बहुमत हासिल करने में कामयाब होगी।

Exit mobile version