लखनऊः उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 2200 से अधिक हो चुकी है और लॉकडाउन के बावजूद भी संक्रमण थमता नजर नहीं आ रही है। लॉकडाउन के चलते लोगों को खासी परेशानी हो रही है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में 16 श्रेणी के कामगारों को एक बार फिर राहत देने के ऐलान किया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने यहां पर निर्माण श्रमिकों, रोज कमाने वाले- ठेली, खोमचा, रेहड़ी, रिक्शा, ई-रिक्शा, कुली, ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में 16 श्रेणी के कामगारों- धोबी, मिस्त्री, मोची, नाई, कुम्हार, राजमिस्त्री आदि के लिए भरण-पोषण भत्ता देने की व्यवस्था की है।
उन्होंने कहा कि अब तक ऐसे 30 लाख निर्माण श्रमिकों के साथ अन्य सभी श्रमिकों को ये सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आज हम एक बार फिर से अपने 30 लाख श्रमिक वर्ग को दूसरी बार भरण पोषण भत्ता की राशि जारी कर रहे हैं।
इसके अलावा सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लॉकडाउन के कारण दूसरे राज्य में फंसा यूपी का कोई भी मजदूर या कामगार अपने राशन कार्ड नंबर का इस्तेमाल कर सकता है और वहां इसका लाभ उठा सकता है। जिनके पास राशन कार्ड नहीं है, तो उनके लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) के तहत भोजन के पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

