उत्तर प्रदेश विधानसभा का 2024-25 का बजट सत्र आज से शुरू हो गया है, योगी सरकार वित्त वर्ष 2024-25 के लिए राज्य के बजट पेश कर रही है। सरकार ने इसबार बजट का आकार बढ़ाकर 7,36,437 करोड़ रुपये कर दिया है जिसमें 24,863.57 करोड़ रुपये की नई योजनाएं शामिल हैं। सोमवार को विधानसभा में राज्य के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बजट पेश किया। इसे उत्तर प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट बताया जा रहा है। बता दें कि वित्त वर्ष 2023-24 के लिए राज्य के बजट का आकार 6.90 लाख करोड़ रुपये था।
विधानसभा में बजट भाषण के मुताबिक वित्त वर्ष 2024-25 बजट में कुल 6,06,802.40 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्तियां और 1,14,531.42 करोड़ रुपये की पूंजीगत प्राप्तियां शामिल हैं। राजकोषीय घाटा 86,530.51 करोड़ रुपये अनुमानित है जो वर्ष के लिए अनुमानित स्टेट जीडीपी का 3.46 प्रतिशत है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए अयोध्या का ज़िक्र किया, उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर के निर्माण से हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र को काफी बढ़ावा मिला है। अयोध्या जो अब दुनिया का बड़ा पर्यटन केंद्र बन गया है, भारत और विश्व से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है जिससे प्रदेश की आर्थिक स्थिति में अब बड़ा बदलाव आएगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार अब तक लगभग 6 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर लाने में कामयाब रही है। प्रदेश में बेरोजगारी दर अब केवल 2% है। सेमीकंडक्टर नीति को मंजूरी मिलने के बाद राज्य में सेमी-कंडक्टर इकाइयों की स्थापना और विकास का मार्ग प्रशस्त होगा जिससे देश और विदेश से राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश आएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी नीति लाने वाला उत्तर प्रदेश देश का चौथा राज्य बन गया है। सुरेश खन्ना ने अपने बजट भाषण में दिल्ली की तर्ज पर लखनऊ में एयरो सिटी विकसित करने की योजना का ज़िक्र किया, उन्होंने कहा कि ये योजना लगभग 1500 एकड़ में विकसित की जाएगी। इस योजना में 7-सितारा होटल, पार्क, विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर जैसी सुविधाएं होंगी।
सुरेश खन्ना ने अपने बजट भाषण में कहा कि राज्य सरकार ने हीरो फ्यूचर एनर्जीज के साथ 4,000 करोड़ रुपये के निवेश के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं जिसके तहत राज्य में Renewable energy और clean technology projects में निवेश होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा हैदराबाद में आयोजित फार्मा कॉन्क्लेव में बड़ी फार्मा कंपनियों ने उत्तर प्रदेश में निवेश करने में रुचि दिखाई है।
