नयी दिल्ली: उन्नाव में दो लड़कियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और एक की हालत गंभीर होने की घटना पर कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी ने योगी सरकार को घेरते हुए कहा है कि यूपी की योगी सरकार केवल दलित समाज को ही नहीं बल्कि महिला सम्मान व मानवाधिकारों को भी कुचलती जा रही है|
राहुल का ट्वीट
राहुल गाँधी ने ट्वीट में लिखा है, “केवल दलित समाज को ही नहीं यूपी सरकार महिला सम्मान व मानवाधिकारों को भी कुचलती जा रही है। लेकिन वे याद रखें कि मैं और पूरी कांग्रेस पार्टी पीड़ितों की आवाज़ बनकर खड़े हैं और उन्हें न्याय दिलाकर ही रहेंगे।”
क्या है घटना
गौरतलब है कि उन्नाव जिले के असोहा इलाके के बबुरहा गांव के बाहर बुधवार को दलित समुदाय की तीन लड़कियां बेसुध मिलीं। अस्पताल ले जाने पर उनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक आनंद कुलकर्णी ने बताया कि बबुरहा गांव में एक ही परिवार की 15,14 और 16 साल की तीन लड़कियां अपराह्न करीब तीन बजे जानवरों के लिए चारा लेने घर से निकली थीं। देर शाम तक वापस ना आने पर परिजनों ने उनकी तलाश की तो वे तीनों गांव के बाहर खेत में बेसुध पड़ी मिलीं। वे एक दुपट्टे से बंधी हुई थीं। उन्होंने कहा कि दो लड़कियों की मौत हो गई और तीसरी लड़की को गंभीर हालत में उन्नाव जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया गया।

