Site icon Buziness Bytes Hindi

यस बैंक ऋण धोखाधड़ी मामला: ओमकार रियलटर्स के खिलाफ ईडी ने दाखिल की चार्जशीट


यस बैंक ऋण धोखाधड़ी मामला: ओमकार रियलटर्स के खिलाफ ईडी ने दाखिल की चार्जशीट

यस बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ओमकार रियलटर्स और डेवलपर्स के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है. जैकपॉट मूवी फेम एक्टर और बिजनेसमैन सचिन जोशी समेत इसमें ओमकार रियलटर्स के प्रवर्तक, चेयरमैन और अन्य अधिकारियों का नाम शामिल है.

ईडी के जोन-2 कार्यालय ने मुम्बई में ओमकार रियलटर्स एंड डेवलपर्स लिमिटेड के खिलाफ यस बैंक के साथ ऋण धोखाधड़ी का अलग मामला दर्ज किया था. कंपनी ने यस बैंक से 410 करोड़ रुपये का लोन लिया था.

ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले देखने वाली विशेष अदालत में चार्जशीट दायर की है. इसमें ईडी ने कंपनी के चेयरमैन कमल किशोर गुप्ता, मैनेजिंग डायरेक्टर बाबूलाल वर्मा और अभिनेता एवं प्रोड्यूसर सचिन जोशी को नामजद किया है.

मार्च 2020 में औरंगाबाद पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर ईडी ने मामला दर्ज किया और उसके बाद कंपनी के परिसर पर छापे मारे थे. बाबूलाल वर्मा और कमल किशोर गुप्ता को 27 जनवरी 2021 को गिरफ्तार किया जा चुका है.

ईडी का कहना है कि ओमकार रियलटर्स ने झुग्गी-झोपड़ी के पुनर्वास के लिए यस बैंक से लोन लिया था. लेकिन जुटाए गए लोन के पैसे अन्य जगह और सचिन जोशी की कंपनियों को ट्रांसफर कर गए. सचिन जोशी की कंपनी ने एक नीलामी में गोवा में किंगफिशर विला खरीदा था. पहले ये विला फरार कारोबारी विजय माल्या के पास था.

Exit mobile version