नई दिल्ली। मानसून की विदाई अब पूरी तरह से हो चुकी है। इस बार मानसून देर से विदा हुआ। मानसून जाते हुए भी मेरठ सहित पश्चिमी उप्र और एनसीआर को पूरी तरह से सराबोर कर गया। अक्टूबर में भारी बारिश हुई। जिसके चलते कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। मौसम विभाग के मुताबिक, आज 18 अक्टूबर को तमिलनाडु, केरल सहित 10 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु और केरल में आने वाले तीन दिन तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर भारत राज्यों में अब मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर के मौसम की बात करें तो राजधानी दिल्ली में अब रात और सुबह में हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। न्यूनतम तापमान अब सामान्य से नीचे आ गया है।
आज रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय के पास सक्रिय हो रहा है। इसी के साथ ही उत्तरी अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्रों में भी एक चक्रवाती परिसंचरण विकसित होने की संभावना है। जिसके चलते मौसमी गतिविधियों में बदलाव देखने को मिलेगा। लगातार बदलते मौसम से रात और सुबह में ठंड का अहसास होने लगा है। न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। इस बार पूरे हफ्ते यही स्थिति बनी रहने की संभावना है। कल सोमवार को सुबह से तेज धूप रही और आसमान पूरी तरह से साफ रहा। दिन निकलने के साथ ही तेज धूप होती चली गई। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम यानी 32.1 डिग्री और न्यूनतम सामान्य से दो डिग्री कम 18.4 डिग्री रिकार्ड किया गया है। हवा में नमी का स्तर 94 है। जबकि हवा में नमी का न्यूनतम स्तर 42 फीसद तक रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि तीन-चार दिन में ठंड का अहसास अधिक बढ़ेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 17 डिग्री रहने की संभावना है।

