नई दिल्ली। आईसीसी की ओर से पहली बार आयोजित की जा रही विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मैच 18 जून को साउथैम्पटन के मैदान पर खेला जाना है जहां पर भारत और न्यूजीलैंड की टीमें एक दूसरे का सामना करने उतरेंगी। साउथैम्पटन के मैदान पर खेले जाने वाले इस ऐतिहासिक मैच से पहले केन विलियमसन ने कहा कि वो इस मैच को लेकर काफी उत्साहित हैं।
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान केन विलियमसन का मानना है कि फाइनल मैच में भारतीय क्रिकेट टीम की गेंदबाजी दुनिया में सबसे खतरनाक है और ऐतिहासिक फाइनल मैच में उनका सामना करना आसान नहीं होगा। केन विलियमसन ने कहा कि भारतीय टीम का गेंदबाजी आक्रमण बेहद शानदार है और उनके पास बेस्ट पेस अटैक और मजबूत स्पिन अटैक है। वह बेहतरीन टीम है और इसी वजह से टॉप पर भी हैं। फाइनल में दुनिया की बेस्ट टीम का सामना करना एक शानदार मौका है। इस दौरान विलियमसन ने फाइनल मैच में ड्यूक गेंद से खेलना और बारिश की संभावना दिमाग में हैं और उन्हें उम्मीद है कि फाइनल मैच के दौरान पिच पर कम घास मिलेगी।
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि साउथैम्पटन के मैदान पर थोड़ी घास छोड़ी जा सकती है और उस पर रोलर चलाया जा सकता है। फाइनल मैच की प्लेइंग 11 के बारे में मैं अभी कुछ भी नहीं कह सकता लेकिन यह देखना होगा कि परिस्थितियां कैसी रहने वाली हैं। हमने यहां पर अभी हर रोज बारिश होते देखी है और हर परिस्थितियों में ड्यूक गेंदों से खेलने का अनुभव हासिल करना काफी अच्छा है। हमें परिस्थितियों का आकलन करने के बाद ही फैसला लेना है और उसी के अनुसार टीम का चयन करेंगे।’
गौरतलब है कि न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के लिये इस समय 7 नंबर को लेकर समस्या बनी हुई है जिस पर वो फैसला नहीं कर पा रहे हैं कि किसी गेंदबाज को शामिल करें या फिर ऑलराउंडर को मौका दें। इसको लेकर जब विलियमसन से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी विकल्प खुले हुए हैं। विलियमसन का मानना है कि फाइनल मैच में नील वैग्नर अहम भूमिका निभायेंगे।
उन्होंने कहा, ‘वैग्नर के पास लंबे स्पेल करने और सामने वाली टीम पर दबाव बनाये रखने की क्षमता है जिसके चलते ही उनका अंतर्राष्ट्रीय करियर इतना सफल रहा है। फाइनल मैच में वो अहम भूमिका निभायेंगे।’

