नई दिल्ली। आईसीसी की ओर से पहली बार आयोजित की जा रही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच 18 जून से साउथैंप्टन के मैदान पर खेला जाना है, जहां पर भारतीय टीम टेस्ट क्रिकेट का पहला खिताबी चैंपियनशिप जीतने के लिए न्यूजीलैंड का सामना करेगी। चैंपियनशिप के फाइनल मैच को लेकर ज्यादातर पूर्व खिलाड़ियों का मानना है कि इंग्लैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के चलते न्यूजीलैंड की टीम का पलड़ा भारी रहने वाला है और भारतीय टीम को इस मैच में हार का सामना करना पड़ेगा। हालांकि वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर और दिग्गज गेंदबाज माइकल होल्डिंग का मानना है कि कीवी टीम के मुकाबले भारतीय टीम टेस्ट चैंपियनशिप जीतने की ज्यादा हकदार है और उनका पलड़ा ही भारी रहेगा।
माइकल होल्डिंग ने भारतीय गेंदबाज़ी की आक्रामकता की तारीफ करते हुए कहा कि इंग्लैंड की कंडीशन इस मैच में विराट सेना को काफी पसंद आने वाली है फिर वह चाहे उसके तेज गेंदबाजों या फिर स्पिन गेंदबाज। होल्डिंग का मानना है कि भारतीय टीम के लिए विश्व विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जिताने में उसके स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा का बड़ा हाथ होगा। उन्होंने आगे यह भी कहा कि अगर भारतीय टीम परिस्थितियों को देखते हुए सिर्फ एक स्पिनर के साथ जाने का फैसला करती है तो वह रविचंद्रन अश्विन को मैच में खिलाते हुए नजर आएगी जो की बल्लेबाजी में भी अहम योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने कहा,’ इसमें कोई शक की बात नहीं है कि टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मैच में परिस्थितियों का अहम रोल होगा लेकिन भारतीय टीम के पास जिस तरह का बॉलिंग अटैक है उसे हर परिस्थिति में मदद ही मिलेगी फिर चाहे वह धूप निकली हो या फिर बादल छाए हुए हों। अगर मौसम साफ रहता है तो भारतीय टीम दो स्पिनर्स के साथ जाने का फैसला करेगी, वरना अगर उसे एक स्पिन गेंदबाज के साथ जाना पड़ता है तो वह जडेजा के बजाय अश्विन पर दांव लगाती नजर आएगी।’

