Site icon Buziness Bytes Hindi

उद्योगों में कार्यरत कर्मी लगवा सकते हैं स्पूतनिक वी का टीका


उद्योगों में कार्यरत कर्मी लगवा सकते हैं स्पूतनिक वी का टीका

उत्तराखंड में 2500 रुपये में लगाये जायेंगे स्पूतनिक वी के दो टीके
उद्योगों को दिया विकल्प, कर्मचारियों को पैसे में वैक्सीन लगवायें

देहरादून। उत्तराखंड में वैक्सीन की कमी को देखते हुए सरकार उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों को स्पूतनिक वी की वैक्सीन लगवाने की इजाजत दे रही है। मगर कर्मचारियों को स्पूतनिक वी वैक्सीन की दो डोज लगवाने के लिये 2500 रुपये खर्च करने होंगे। सिडकुल ने इस संबंध में औद्योगिक संगठनों को पत्र जारी कर स्पूतनिक वी वैक्सीन लगवाने के विकल्प के बारे में जानकारी दी है। औद्योगिक संगठनों ने भी सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए कहा है कि उद्योगों को चालू रखने के लिए कर्मचारियों के वैक्सीनेशन की जरूरत है।

राज्य औद्योगिक अवस्थापना विकास निगम (सिडकुल) के प्रबंध निदेशक सविन बंसल की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि प्रदेश सरकार की ओर से उद्योगों में काम करने वाले कर्मचारियों को भुगतान के आधार पर टीकाकरण का प्रयास किया जा रहा है। जिसमें प्रति व्यक्ति स्पूतनिक वी के दो टीके लगाने के लिए 2500 रुपये का भुगतान करना होगा। पत्र में औद्योगिक संगठनों को सुझाव दिया गया कि जो उद्योग इस वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कर्मचारियों के टीकाकरण में रूचि रखते हैं तो वे एक सप्ताह के भीतर कर्मचारियों की सूची दें। उद्योगों को प्रति व्यक्ति के हिसाब से दो टीके लिए 2500 रुपये की राशि जमा करनी होगी।

इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से कहा गया है कि सरकार ने उद्योगों को पैसे देकर कर्मचारियों को वैक्सीन लगाने की वैकल्पिक व्यवस्था दी है। इसके लिए उद्योगों पर किसी तरह का दबाव नहीं है।

Exit mobile version