लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कार्यकर्ताओं के लिए पर्सनल मेल आईडी जारी की है। जिसके जरिये कार्यकर्ता अपनी शिकायतें और सुझाव उन तक सीधे पहुंचा सकते हैं। यह जानकारी सोमवार को ट्विटर पर साझा की गई है। गौरतलब है कि 2022 के चुनाव (UP Assembly Election 2022) में मिली हार के बाद से कार्यकर्ताओं में मायूसी और नाराजगी है। कार्यकर्ता लगातार शिकायतें कर रहे हैं कि उनकी बात को अखिलेश यादव तक नहीं पहुंचाई जा रही है। जिसकी वजह से ये नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं सपा ने कहा कि बीजेपी का आईटी सेल लगातार फर्जी खबरें और सूचनाएं प्रसारित कर रहा है। इससे कार्यकर्ताओं को बचना चाहिये।
समाजवादी पार्टी के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल (Twitter Account) से ट्विट कर जानकारी दी गई है कि विधानसभा चुनाव परिणाम से संबंधित या संगठन से जुड़ा कोई सुझाव हो तो वो राष्ट्रीय अध्यक्ष की मेल आईडी yadavakhilesh@gmail.com पर मेल करें। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपील भी की गई है कि किसी से भी बेवजह ना उलझें और गलत सूचनाओं से बचें। पार्टी ने कहा है कि बीजेपी के आईटी सेल से सतर्क रहने की जरूरत है। उसकी अफवाहों में ना फंसें। सतर्क रहें और साथ ही सकारात्मक भी रहें। भाषायी रूप से भी संयमित रहें।
Read also- Shivpal Yadav बनेंगे नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव छोड़ेंगे विधायकी
बच्चों का नहीं है कोई भी अकाउंट
सोशल मीडिया प्लेटफार्म खासकर ट्विटर पर अखिलेश यादव के बेटे अर्जुन, अदिति और टिना के नाम से अकाउंट बनाये गये हैं। इन ट्विटर हैंडल से लगातार ऐसी पोस्ट की जातीं हैं, जिससे लगता है कि उनके बच्चे ही यह अकाउंट चला रहे हैं। सोमवार को समाजवादी पार्टी (SP) ने इन अकाउंट को लेकर भी सफाई जारी की है। पार्टी ने कहा है कि ‘समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी के बच्चों के नाम से टि्वटर, फेसबुक एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चल रहे एकाउंट्स पूर्णता फर्जी है। इनका राष्ट्रीय अध्यक्ष जी एवं उनके परिवार से कोई लेना देना नहीं है।’ गौरतलब है कि अर्जुन और अदिति के अकांउट से लगातार अखिलेश यादव, डिंपल यादव और मुलायम सिंह यादव से जुड़ी जानकारियों को लेकर ट्विट किया जाता है।

