Site icon Buziness Bytes Hindi

आईपीएल से पहले होगा महिला आईपीएल, गांगुली ने किया ऐलान


आईपीएल से पहले होगा महिला आईपीएल, गांगुली ने किया ऐलान

नई दिल्‍ली। बीसीसीआई अध्‍यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि कि महिला आईपीएल यानी चैलेंजर सीरीज का आयोजन यूएई में हो सकता है. गांगुली ने कहा कि यह बोर्ड की योजनाओं का हिस्‍सा है. इसी के साथ महिला आईपीएल को लेकर चल रही अनिश्चितता भी खत्‍म हो गई है. कोरोना वायरस के चलते आईपीएल के १३वें सीजन का आयोजन 19 सितंबर से 8 नवंबर के बीच यूएई में किया जाएगा और बीसीसीआई अध्‍यक्ष के अनुसार इस लीग के दौरान ही महिला आईपीएल का भी आयोजन होगा.

नहीं दी पूरी जानकारी
गांगुली ने आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक से पहले पीटीआई से बात करते हुए इसकी पुष्टि की. उन्‍होंने कहा कि मैं पुष्टि कर सकता हूं कि महिला आईपीएल योजना का हिस्‍सा है और नेशनल टीम के लिए भी हमारी योजना है. हालांकि गांगुली ने इस बारे में पूरी जानकारी नहीं दी है. मगर एक अन्‍य अधिकारी ने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी महिला चैलेंजर आईपीएल के आखिरी चरण में होगा.

1 से 10 नवंबर के बीच आयोजित हो सकता है
महिला आईपीएल का आयोजन 1 से 10 नवंबर के बीच हो सकता है. अधिकारी के अनुसार उससे पहले कैंप भी आयोजित हो सकता है. गांगुली के अनुसार केंद्रीय अनुबंधित महिला क्रिकेटर्स का एक कैंप भी लगेगा, जिसमें कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण देर हो गई. उन्‍होंने कहा कि हम अपने किसी भी खिलाड़ी की सेहत को खतरे में नहीं डाल सकते. एनसीए भी कोविड के कारण बंद है. मगर हमारे पास योजना है और महिला क्रिकेटर्स के लिए भी कैंप लगाएंगे.

पूर्ण रूप से आईपीएल होने में लगेगा समय
कुछ समय पहले भारत की स्‍टार खिलाड़ी शिखा पांडे ने पूर्ण रूप से महिला आईपीएल के आयोजन पर पूछने पर कहा था कि ऐसा एक या दो साल में हो सकता है और उन्‍हें इस बात का पूरा विश्‍वास है.उन्‍होंने कहा था महिला आईपीएल का आयोजन होने से वर्ल्ड क्लास खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा और उनसे आपको काफी कुछ सीखने को मिलेगा.

Exit mobile version