Site icon Buziness Bytes Hindi

महिला एशिया कप: पाक के सपने को तोड़ श्रीलंका पहुंची फाइनल में

srilanka women cricket team

#image_title

महिला एशिया कप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में आज श्रीलंका ने पाकिस्तान को बेहद रोमांचक मैच में मात्र एक रन से हराकर भारत के खिलाफ फाइनल खेलने का उसका सपना तोड़ दिया। श्रीलंका अब फाइनल में भारत से भिड़ेगा। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में 122 रन बनाए, जवाब पाकिस्तान की टीम 121 रन ही बना सकी. हार के सदमे से पाकिस्तानी खिलाडी मैदान पर ही रोने लगीं. पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए अंतिम ओवर में 9 रनों की ज़रुरत थी लेकिन वो सिर्फ सात रन ही बना सकी.

बीसवें ओवर की पहली गेंद पर निदा डार ने लॉन्ग ऑफ पर खेलकर सिंगल चुराया. दूसरी गेंद पर भी आलिया रियाज को एक रन बनाने का मौका मिल गया. तीसरी गेंद पर निदा डार ने दो रन बना लिए, चौथी गेंद पर डार ने कवर्स पर गैप में गेंद को खेलकर एक रन चुरा लिया. इस तरह आखिर की दो गेंदों पर पाकिस्तान को जीत के लिए तीन रन चाहिए थे. पांचवीं गेंद पर आलिया रियाज़ ने पूरी ताकत से बल्ला घुमाया मगर गेंद ने चकमा दे दिया, विकेटकीपर के पास रन आउट करने का मौका था लेकिन वह चूक गईं. पाकिस्तान को एक रन मिल गया, अब आखिरी गेंद पर पाकिस्तान को जीत के लिए तीन और टाई के लिए दो रन चाहिए थे. निदा डार ने हवा में शॉट लगाई, उनका कैच कविशा से छूटा, इस बीच एक रन बन गया और दुसरे रन के लिए निदा भागी मगर कविशा ने फुर्ती दिखाई और गेंद पकड़कर विकेटकीपर संजीवनी तक पहुंचाई. कीपर ने बेल्स उड़ाकर पाकिस्तान के होश भी उड़ा दिए.

इस तरह श्रीलंका की टीम बेहद रोमांचक अंदाज़ में एशिया कप के फाइनल में पहुँच गयी, हालाँकि मैच से पहले पाकिस्तान को फेवरिट माना जा रहा था लेकिन पुरुष एशिया कप की तरह महिलाओं के एशिया कप में भी श्रीलंका ने कमाल कर दिखाया। फाइनल मैच 15 अक्टूबर को खेला जायेगा।

Exit mobile version